लोगों को रौंदती घर में जा घुसी बेलगाम कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी दून में एक बार फिर बेलगाम रफ्तार ने कहर बरपा दिया। 90 किमी प्रति घंटा की स्पीड पर दौड़ रही एसयूवी कार टोयोटा फार्चूनर ने एक छात्रा को कुचल दिया।
छात्रा को घसीटते हुए ले गई कार एक घर की दीवार को तोड़ते हुए लॉन में जा घुसी। इस बीच उसकी चपेट में आया फल विक्रेता भी जख्मी हो गया। गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर डाली।
पुलिस ने कारसवार एक युवक को दबोच लिया जबकि दूसरा फरार है। देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। उधर, अस्पताल में भर्ती छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसा बृहस्पतिवार दोपहर सवा बारह बजे डालनवाला की नेमी रोड पर हुआ। सफेद रंग की फार्चूनर कार नंबर (डीएल7सीजी-7728) नेमी रोड से इंदर रोड की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
छात्रा को घसीटते ले गई कार, हालत नाजुक
बताया जाता है कि ओवरस्पीड कार से चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। उसी दौरान पूरन बस्ती निवासी आठवीं की छात्रा विशाखा पारस (14) नेमी रोड पर ट्यूशन पढ़ने के लिए पैदल जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार ने सड़क के दायीं ओर चल रही विशाखा को चपेट में लेकर घसीटते हुए ले गई।
कार चालक ने कार को बायीं ओर मोड़ा तो ठेली लेकर जा रहा फल विक्रेता सोनू निवासी फतेहपुर यूपी भी चपेट में आ गया। कार ठेली को चकनाचूर करने के बाद सामने डा. सुशील बंसल के घर की दीवार तोड़ते हुए लॉन में जा घुसी।
हादसा होते ही लोग जुट गए और विशाखा और सोनू को दून अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर हालत में विशाखा को सीएमआई रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद कारसवार दोनों युवक मौके से भाग निकले। हालांकि, लोगों ने एक को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। गुस्साए लोगों ने पथराव कर कार के शीशे तोड़ डाले।
सूचना मिलने पर डालनवाला इंस्पेक्टर अनिल जोशी ने लोगों को किसी तरह शांत किया। एसपी सिटी अजय सिंह और सीओ प्रमोद कुमार भी वहां आ गए। कार में मिली आरसी के आधार पर पुलिस ने बताया कि फार्चूनर रेड वुड्स प्राइवेट लिमिटेड, मयूर विहार दिल्ली के नाम पर रजिस्टर्ड है।
90 की स्पीड में फोन पर कर रहे थे बात
प्रत्यक्षदर्शी अमीर अहमद का कहना था कि हादसे के समय कार तूफानी रफ्तार पर थी। उनका कहना है कि बच्ची सड़क के बिलकुल किनारे थी। एक बार तो ऐसा लगा कि कारचालक ने जानबूझकर सड़क के दूसरी ओर जाकर उसे टक्कर मारी है, लेकिन फिर कार दीवार में जा घुसी।
मीर अहमद का कहना है कि घटना के वक्त दोनों युवक फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी वजह से उनका ध्यान भटका और कार अनियंत्रित हो गई।
गायब टैबलेट और मोबाइल मिला
फार्चूनर में तोड़फोड़ के दौरान उसमें रखा एक टैबलेट और मोबाइल गायब हो गया। जानकारी मिलने पर पुलिस इनकी तलाशी में जुट गई। मोबाइल तो पास ही पड़ा मिल गया। कुछ देर बाद एक युवक ने टैबलेट भी बरामद कर पुलिस को सौंप दिया।