उत्तराखंडः एक और विधायक की कारस्तानी से BJP शर्मसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जहां एक तरफ मसूरी से बीजेपी विधायक गणेश जोशी ने घोड़े के साथ बर्बरता दिखाई, वहीं हरिद्वार में दूसरे बीजेपी विधायक ने कारोबारी संग धोखाधड़ी कर डाली।
हरिद्वार कनखल निवासी एक कारोबारी ने भाजपा विधायक मदन कौशिक और उनके भाई पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उनसे अपनी जान का खतरा बताया है।
सोमवार को कारोबारी और उनकी पत्नी ने मीडिया के सामने विधायक पर आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की। कार्रवाई न होने पर बुधवार को कारोबारी ने परिवार सहित विधानसभा के बाहर धरना देने की चेतावनी दी।
कनखल की मनोहरपुरम कॉलोनी निवासी अनुज गर्ग की सिविल लाइंस रुड़की में मिठाई की दुकान है। सोमवार को पत्रकार वार्ता में कारोबारी ने बताया कि वर्ष 2008 में उनके परिवार ने भाजपा विधायक के साथ 50 प्रतिशत की साझेदारी में हरिद्वार में ज्वैलर्स शोरूम खोला था। हमारे परिवार का बंटवारा होने पर आधा हिस्सा भाई अनुज के पास चला गया।
छोटे भाई अनुज ने 60 लाख रुपये में अपना हिस्सा बेचने का प्रस्ताव विधायक के सामने रखा। आरोप लगाया कि विधायक ने न भाई को रुपये दिए और न मेरे 25 फीसदी हिस्सेदारी का मुनाफा दे रहे हैं। तीन साल से विधायक और उसका भाई कोई हिसाब किताब नहीं दे रहे हैं।
उत्पीड़न से परेशान होकर विधानसभा सत्र में देंगे धरना
रुपये मांगने पर विधायक और उनके भाई मुकेश कौशिक उन्हें धमकी दे रहे हैं। इसकी उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कारोबारी की पत्नी भारती गर्ग ने कहा कि विधायक के उत्पीड़न से परेशान होकर उनका परिवार बुधवार से विधानसभा सत्र के दौरान धरना देने को मजबूर होगा।
डर से छोड़ा कनखल
कारोबारी अनुज गर्ग ने आरोप लगाया कि विधायक ने पार्टनरशिप की लिखापढ़ी में अपने भाई को आगे किया था। जबकि पूरा कारोबार वह खुद देखते हैं। आरोप लगाया कि विधायक ने अपने चार्टर्ड एकाउंटेंट के जरिये उन्हें धमकी दिलवाई है।
पति-पत्नी और दो बच्चों पर जान का खतरा देखते हुए अपने माता-पिता को कनखल छोड़ने पर मजबूर हुए। जबकि वह खुद, पत्नी और बच्चों के साथ रुड़की में ही रहते हैं।
पुलिस से न्याय न मिलने पर नोटिस के अलावा उन्होंने विधायक को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय को भी पत्र लिखा है। लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
क्या कहते हैं विधायक
कारोबारी की ओर से लगाए गए आरोपों के बारे में विधायक मदन कौशिक ने बताया कि आरोप बेबुनियाद और निराधार है। मेरा कारोबारी से कोई लेनादेना नहीं है। छोटे भाई के साथ उनकी पार्टनरशिप है। कारोबारी ने खुद धोखाधड़ी की हुई है। एक कमेटी इस मामले को देख भी रही है। यह मुझे राजनीतिक तौर पर नुकसान पहुंचाने की साजिश है। कारोबारी पर मानहानि का दावा किया जाएगा।