हरिद्वार: बेकाबू कार ने कांवड़ियों को रौंदा, पांच घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहे कांवड़ियों के एक दल को दिल्ली हाईवे पर नारसन के पास एक कार ने कुचल दिया। दुर्घटना में पांच कावंड़िये घायल हो गए, जिसमें से एक की हालत गंभीर बनी है। उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
चालक वाहन सहित फरार हो गया। गुस्साये दूसरे कांवड़ियों ने मेरठ डिपो की रोडवेज की बस में तोड़फोड़ कर दी और आग लगाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे कांवड़ियों को शांत कराया।
सोमवार को दिल्ली के कांवड़ियों का एक जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस जा रहा था। सुबह साढ़े आठ बजे जब यह लोग दिल्ली हाईवे पर नारसन चौराहे के समीप पहुंचे तो पीछे आ रही एक अनियंत्रित कार ने पांच कांवड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। कांवड़ियों को टक्कर मारने के बाद चालक कार को मौके से लेकर फरार हो गया।
गुस्साये कांवड़ियों ने की रोडवेज में तोड़फोड़
दुर्घटना में आकाश (17) निवासी कैलाशपुरी दिल्ली, मोनू (21) पुत्र सुरेश निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली, मोनू (22) पुत्र कमलजीत निवासी कमल विहार दिल्ली, श्याम (12) निवासी सुल्तानपुर दिल्ली और महेंद्र (25) पुत्र दूलीचंद निवासी सुल्तानपुर दिल्ली घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया। जिसमें आकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। श्याम को सिर पर गंभीर चोट आई है।
दुर्घटना से गुस्साए अन्य कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। यही नहीं मेरठ की ओर से आ रही मेरठ रोडवेज की एक बस से यात्रियों को उतारकर उसमें तोड़फोड़ की गई। बस में आग लगाने का भी प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने जैसे तैसे स्थिति पर काबू किया।
कांवड़ियों के खिलाफ दी गई तहरीर
काफी मशक्कत के बाद कांवड़ियों को शांत कराकर पुलिस ने जाम खुलवाया। रोडवेज बस में तोड़फोड़ किए जाने के मामले में बस चालक नरेंद्र कुमार ने अज्ञात कांवड़ियों के खिलाफ तहरीर दी है। ।
दुर्घटना स्थल पर नहीं पहुंची 108
कार की टक्कर से घायल हुए कांवड़ियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों ने 108 सेवा को कई बार फोन किए। लेकिन जब 108 सेवा आधे घंटे तक भी नहीं पहुंची तो एक प्राइवेट वाहन से गंभीर घायल आकाश को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन रास्ते में 108 सेवा मिल गई। इसके बाद 108 सेवा घायल को अस्पताल लेकर पहुंची।