गैरसैंण: स्थाई राजधानी की मांग को लेकर विपक्ष मुखर, उग्र UKD प्रदर्शनकारियों ने तोड़े बैरियर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य गठन के 17 साल के इतिहास में पहली बार गैरसैंण विधानसभा में राज्यपाल के बजट अभिभाषण और हंगामे के साथ बजट सत्र का आगाज हुआ।
राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। गैरसैंण राजधानी की मांग को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। उपनेता विपक्ष करण माहरा ने कहा कि गैरसैंण पर हमने अपना स्टैंड साफ कर दिया। पूरे सत्र के दौरान गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने पर विपक्ष अड़ा रहा। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हंगामा चलता रहा। लगातार हो रहे हंगामे के बाद कार्यवाही को दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि राज्य की मूलभूत चुनौंतियों के समाधान व राज्य को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ ही स्वच्छ, पारदर्शी नीति को अपनाते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर अंतिम व्यक्ति को राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास सरकार कर रही है। अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया गया। और भविष्य का खाका रखा गया।
गैरसैंण विधानसभा बजट सत्र राज्यपाल के अभिभाषण में 35 बिंदुओं पर फोकस किया गया। अभिभाषण में गैरसैंण को प्राथमिकता दी गई। भराड़ीसैंण गैरसैँण में मिनी सचिवालय के निर्माण के लिए 67.50 एकड़ भूमि हस्तान्तरित की कार्यवाही में तेजी लाने का जिक्र किया गया।
वहीं बाहर पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर यूकेडी प्रदर्शनकारियों को रोका तो उन्होंने बैरियर तोड़ दिए। यूकेडी केन्द्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट, पुष्पेश त्रिपाठी सहित कांग्रेस के आनुसूया मैखुरी ने दो बैरियर तोड़ दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई। उग्र प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर गाड़ी में भरा गया। तीन बजे दोबारा सत्र शुरू होने से पहले कुछ आंदोलनकारी विधानसभा तक पहुंच गए।
इससे पहले मंगलवार की सुबह विधानसभा जाते आंदोलनकारियों को दिवलीखाल में पुलिस द्वारा रोका गया। जिसके बाद यूकेडी के प्रदर्शनकारी दिवलीखाल में ही धरने पर बैठ गए। जिस कारण नैनीताल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जाम में कई विधायक व मीडिया कर्मी फंस गए। जाम की वजह से सवा किमी. पैदल चलकर विधायक चैंपियन कुंवर प्रणव सिंह विधानसभा पहुंचे। इससे पहले राज्यपाल केके पॉल के विधानसभा भराड़ीसैंण पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। सत्र से पहले राज्यपाल केके पॉल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की पुस्तक 'मनसा वाचा कर्मणा' का विमोचन किया।