ऋषिकेश: हाट में फुटवियर व्यापारी की सरेआम हत्या, मृतक की बहन से है आरोपी का कनेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते रविवार की रात आईडीपीएल हाट में फुटवियर व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा, खाली खोखा, दो जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। युवक हरिद्वार की एक प्रतिष्ठित आयुर्वेद कंपनी में काम कर रहा था और चार ही दिन बाद सात जून को उसे नौकरी के लिए आयरलैंड जाना था। लेकिन इससे पहले ही वह जेल पहुंच गया।
घटनाक्रम के मुताबिक बीते रविवार की रात आठ बजे हाट बाजार, आईडीपीएल में एक युवक ने फुटवियर के फुटकर व्यापारी 26 वर्षीय दीपक उर्फ रवि उर्फ रिंकू पुत्र सूरज निवासी मंशादेवी श्यामपुर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
छानबीन के बाद पुलिस ने सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोपी को धर दबोचा। कोतवाल रितेश शाह के मुताबिक आरोपी की पहचान 23 वर्षीय राजीव सैनी पुत्र स्व. राजेंद्र सैनी, निवासी- मोहम्मदपुर कुन्हारी, पोस्ट- सुल्तानपुर, थाना- पथरी, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी राजीव सैनी से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल यूके 08एई 1637, 315 बोर का एक तमंचा, खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
शादी न करने से खफा था, प्रेमिका को मारना चाहता था
आरोपी के मुताबिक उसकी प्रेमिका की बड़ी बहन की शादी इसी साल 28 फरवरी हुई थी। बड़ी बहन की शादी से पहले प्रेमिका और उसके परिवार वाले उनकी शादी के लिए राजी थे। कहा जाता रहा कि बड़ी बहन की शादी हो जाने के बाद उसकी शादी करवाई जाएगी। दो जून को वह शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचा, लेकिन प्रेमिका और उसकी भाभी ने इस प्रस्ताव को सिरे से नकार उसे गाली गलौज कर भगा दिया। राजीव चला तो गया लेकिन तब से लगातार उसके दिल में गुबार भरा था। वह अपमान का बदला लेना चाहता था। पहले उसने प्रेमिका को मारने की सोची थी, लेकिन बाद में उसने उसके इकलौते भाई को मारने की ठान ली।
एक साल पहले शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजीव सैनी ने बताया कि मृतक की बहन से उसकी मुलाकात करीब एक साल पहले 21 मार्च, 2018 को हरिद्वार में हुई थी। दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। राजीव कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। धीरे-धीरे दोनों के बीच की दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद उन दोनों का एक-दूसरे के घर आना जाना शुरू हुआ। आरोपी के मुताबिक वह जो भी रुपया कमाता उसे प्रेमिका पर खर्च करता था। दोनों कई बार साथ बाहर भी घूमने गए।
घटना से तबाह हो गया करियर
राजीव सैनी ने लक्सर से 12वीं पास करने के बाद जगजीतपुर कनखल से आईटीआई की है। इसके अलावा पॉलिटेक्निक भी किया हुआ है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता का देहांत सात वर्ष पूर्व हो चुका है। वर्तमान में परिवार में उसकी माता, बड़ा भाई 26 वर्षीय शशिकांत पीठ बाजार में कपड़े का व्यापारी है। छोटी बहन की शादी हो चुकी है।
हिफाजत को दोस्त से खरीदा था तमंचा
आरोपी सैनी ने 12वीं कक्षा की पढ़ाई के दौरान अपने एक दोस्त से तमंचा खरीदा था। अब उस दोस्त का देहांत हो चुका है। राजीव का कहना है कि उसका घर देहात क्षेत्र में है। वहां अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर लड़ाई झगड़ा हो जाता है। सुरक्षा की दृष्टि से उसने तमंचा सहित तीन जिंदा कारतूस खरीद लिए थे।