गर्म दूध में कम मलाई दी तो व्यापारी और उसके बेटे पर झोंका फायर, दोनों अस्पताल में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिडकुल थाने के रावली महदूद गांव में गरम दूध में मलाई कम होने के बाद हुए विवाद के बाद दो लोगों ने दूध व्यापारी और उसके बेटे पर तमंचे से गोलियां बरसा दी। दूध व्यापारी के कमर में छर्रे लगे जबकि उसके बेटे के गर्दन में गोली धंस गई।
घटना को अंजाम देकर दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस के सर्च अभियान के बाद भी आरोपियों का पता नहीं चल सका। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
घटना सिडकुल से सटे गांव रावली महदूद में बृहस्पतिवार देर रात करीब दस बजे के आसपास घटी। गांव रावली महदूद निवासी अय्यूब की गांव में ही रिया नाम से दूध की दुकान है। बृहस्पतिवार को वह अपने बेटे उस्मान के साथ दुकान पर मौजूद थे।
रात दस बजे दुकान पर पहुंचे दो युवकों ने पीने के लिए गर्म दूध लिया। युवकों ने दूध में मलाई कम होने की बात कही, जिस पर अय्यूब ने और मलाई डाल दी लेकिन इसके बाद भी युवकों ने खुद ही कड़ाही से दूध में मलाई निकाल ली। अय्यूब ने इसका विरोध किया तो युवक उलझ गए। दोनों युवक चार गिलास दूध के 160 रुपये की बजाय दो सौ रुपये देकर चलते बने।
बताया जाता है कि करीब बीस मिनट बाद पिता पुत्र दुकान बंद करने की ही तैयारी कर रहे थे कि दोनों युवक फिर दुकान पर पहुंचे। युवकों ने पिता पुत्र पर तमंचों से फायर कर दिया। फायर कर दोनों फरार हो गए। इधर गंभीर रूप से घायल पिता पुत्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। उस्मान (19) के गर्दन में गोली धंसी थी जबकि अय्यूब (57) की पीठ में छर्रे लगे थे। चिकित्सकों ने आपरेशन कर उस्मान की गर्दन में फंसी गोली निकाली।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर सिडकुल पुलिस हरकत में आ गई। एसपी सिटी ममता वोहरा, एसओ देवराज शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीमों ने पूरे क्षेत्र में देर रात ही सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन बदमाश हाथ नहीं आ सके। एसओ देवराज शर्मा ने बताया कि बदमाशों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अय्यूब की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटनास्थल के पास एक सीसीटीवी कैमरा
घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। क्षेत्र के एक एटीएम पर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस के पास बदमाशों के गिरेबां तक पहुंचने के लिए कोई साक्ष्य नहीं है।
315 बोर तमंचे का हुआ इस्तेमाल
वारदात में 315 बोर के तमंचे का इस्तेमाल हुआ है। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि तमंचे से गोलियां बरसाई गई हैं। एसओ देवराज शर्मा का कहना है कि दो राउंड फायरिंग हुई है। एक गोली युवक की गर्दन में धंसी थी। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है।