सेलाकुई में इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में लगी आग, चपेट में आए तीन युवक झुलसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहसपुर थाना क्षेत्र के नयागांव जमनीपुर में मंगलवार दोपहर एक गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। एक मकान भी आग की चपेट में आया है। आग बुझाने के दौरान एक युवक गंभीर एवं दो मामूली रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग के सहयोग से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
नयागांव जमनीपुर में मंगलवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे इलेक्ट्रॉनिक एवं साइकिल के सामान से भरे गोदाम में आग लग गई। गोदाम एवं मकान मालिक जसवंत सिंह ने बताया कि आग से परिवार के कुछ सदस्य घिर गए थे। उनके बेटे जसपाल सिंह ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। इस दौरान घर में रखे रसोई गैस सिलिंडरों को आग अपनी चपेट में लेती कि उनके बेटे ने आसपास के लोगों के सहयोग से सिलिंडरों को बाहर निकाला।
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान उनका बेटा जसपाल सिंह एवं दो अन्य युवक झुलस गए। जसपाल सिंह ने बताया कि टीन शेड के नीचे रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान में आग लगी, जिसकी सूचना दमकल विभाग को दिए जाने पर करीब एक बाद टीम मौके पर पहुंची। यदि विभाग की टीम समय पर पहुंचती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। आग से दो गोदाम जले हैं। उनके गोदाम का नया भवन बन रहा था। इसलिए सामान को गोदाम से खाली कर उसे पास ही टीन शेड के नीचे रखा था। इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ ही एक मोटरसाइकिल और स्कूटर भी आग की चपेट में आया है।
मकान की दीवार तोड़कर बुझाई आग
गोदाम एवं मकान में आग लगने के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर आग पर काबू पाया। लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए मकान की दीवार तोड़कर आग पर पानी की बौछार की। इसके बाद कमरे में रखा सामान बाहर निकाला।
दरोगा के सिर पर लगी चोट
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सहसपुर थाने के उप निरीक्षक नवल किशोर गुप्ता के सिर पर चोट आई है। लोहे की चादर उनके सिर पर लगने से वे घायल हो गए। इसके अलावा एक सिपाही को भी चोट आई है।
पेट्रोल पंप के पास लगी आग, हादसा टला
घटनास्थल पर देहरादून-पांवटा मार्ग के दूसरी ओर करीब 50 मीटर की दूरी पेट्रोल पंप है। गनीमत रही कि आग की चिंगारी पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची।
आग लगने से घर के कीमती सामान के साथ ही एक गाय भी आग से घिर गई थी। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने गाय को सकुशल बाहर निकाला।
-मीरा देवी, वार्ड सदस्य नयागांव जमनीपुर
आग लगते ही दमकल विभाग के पांच वाहन मौके पर पहुंच गए थे। आग लगने के सही कारणों का पता नहीं लग पा रहा है।
-प्रकाश शाह, तहसीलदार, विकासनगर