देहरादून: तीन फैक्ट्रियों में एक साथ लगी भीषण आग, दमकल विभाग की टीम ने चार घंटे में पाया काबू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में मोहब्बेवाला स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक के बाद एक तीन फैक्ट्रियों में आग लग गई। अग्निकांड पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब चार घंटे में काबू पाया। अग्निकांड में तीनों फैक्ट्रियों में लाखों का माल खाक हो गया।
शुरूआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल विभाग फैक्ट्री मालिकों के साथ मिलकर नुकसान का आंकलन कर रहा है। अग्निशमन विभाग के अनुसार मंगलवार रात करीब साढ़े तीन बजे कंट्रोल रूम को आग की सूचना मिली थी।
इसके बाद तत्काल मौके पर दो दमकल वाहनों को भेजा गया। आग इतनी विकराल थी कि दो गाड़ियों से काम नहीं चला। इस पर दमकल केंद्र से तीन गाड़ियों और वाटर ब्राउजर को भी मौके पर बुला लिया गया।
आग पहले एक्स ट्री प्रिंटिंग आयडिया नाम की फैक्ट्री में लगी थी। इसके बाद यह इससे सटी शाकुंभरी पैकेजिंग और फिर दून प्लास्टिक कंपनी में फैल गई। प्लास्टिक और पैकेजिंग की सामग्री होने के कारण आग तेजी से बढ़ने लगी थी।
अग्निशमन अधिकारी रायसिंह राणा ने बताया कि आग पर पांचों वाहनों की मदद से करीब चार घंटे में काबू पाया जा सका। उन्होंने बताया कि तीनों फैक्ट्री के मालिकों को मौके पर बुलाकर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का भी पता किया जा रहा है।