जब भरी सभा में एक किसान ने निशंक की बोलती करा दी बंद!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
(तस्वीर में सभा के दौरान माइक पकड़े सांसद निशंक)
हरिद्वार में मोहम्मदपुर जट गांव में हुई पूर्व सीएम एवं हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक की सभा में उस समय अजीबो-गरीब स्थिति पैदा हो गई, जब भरी सभा में एक किसान ने निशंक को भाषण शुरू करने से रोक दिया।
किसान और पार्टी कार्यकर्ता ने निशंक से कहा पहले मेरे सवालों के जवाब दो तब भाषण देना। वह अपनी बात पर अड़ा रहा। निशंक ने किसान को जवाब देकर आश्वस्त करने का प्रयास किया। लेकिन किसान पूरी तरह से संतुष्ट होता इससे पहले ही भाजपाइयों ने किसान को समझा-बुझाकर नीचे बैठा दिया।
बुधवार को निशंक, भाजपा की ओर से आयोजित महासंपर्क अभियान कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। जैसे ही निशंक सभा में पहुंचे और भाषण देने लगे तो नगला चीना के किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता कालूराम खड़े हो गए और कहने लगे की सांसद जी भाषण तो देना बाद में पहले तीन बातों का जवाब दे दो।
ये थे किसान के तीन सवाल जिन पर घिरे सांसद
इसके बाद किसान ने धड़ाधड़ गन्ना भुगतान, फसलों और नष्ट फसलों का मुआवजा नहीं मिलने पर गुस्सा उतारने के साथ ही उनसे पूछा कि काश्तकारों के इन मुद्दों पर उन्होंने अब तक क्या किया।
कालूराम ने ये भी कहा कि चुनाव से पहले तो कार्यकर्ताओं को ही पार्टी का सब कुछ माना जाता है, बाद में कार्यकर्ता छोड़ कुछ खास चमचे ही चुनाव जीतने वाले नेताओं के लिए सब कुछ हो जाते हैं।
निशंक ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर भुगतान एवं मुआवजे की समस्या के हल के प्रयास करने की बात बताई। कहा कि पार्टी सभी को एक नजर से देखती है। इतना कह कर निशंक कालूराम को शांत करने लगे, लेकिन इससे पहले की कालूराम अपने जवाबों को पूरा पूछ पाते भाजपाइयों ने उन्हें बैठा दिया।
इसके बाद निशंक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष अरुण चौधरी, मयंक गुप्ता, डॉ. मधु, पवन अग्रवाल, विनोद शर्मा, योगेश चौधरी, मास्टर नागेंद्र, कालूराम, संजय धारीवाल आदि मौजूद रहे।