खेत में मिलने आए युवकों ने युवा किसान को गोलियों से भूना, वारदात के बाद पैदल ही भागे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खेत में मिलने आए दो युवकों ने गेहूं की बुवाई करा रहे एक युवा काश्तकार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे पैदल ही भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसएसपी ने भी मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
मुरादाबाद जिले के थाना भगतपुर के ग्राम चक चमरउवा निवासी भजन सिंह ने 15 वर्ष पूर्व ग्राम दभौरा मुस्तहकम में आठ एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी। उनका बड़ा पुत्र ब्रजेश अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर करीब 10 वर्ष पूर्व गांव में आकर बस गया था। वहीं, छोटा बेटा राजेश अपनी मां रामो देवी व पिता के साथ पैतृक गांव में ही रहता था। पांच वर्ष पूर्व भजन सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद अविवाहित राजेश (27) भी मां को लेकर दभौरा मुस्तहकम आ गया।
गोलियां लगने से राजेश वहीं गिर पड़ा
वह भाई से अलग मकान बनाकर मां के साथ रहने लगा। पिता की मृत्यु के बाद दोनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो गया। बीएड करने के बाद वह एक निजी संस्थान से डीएलएड कर रहा था। सोमवार को राजेश अपने खेत में गेहूं की बुवाई करा रहा था।
गांव का ही राशन डीलर कांति प्रसाद बुवाई के लिए उसके खेत में भाड़े पर ट्रैक्टर चला रहा था, जबकि एक अन्य ग्रामीण बाबूराम मशीन पर था। शाम करीब पांच बजे वहां दो युवक पहुंचे। कांति के पूछने पर राजेश ने उन्हें बताया कि मिलने आए लोग उसके रिश्ते के भांजे हैं।
राजेश ने उन्हें सिगरेट व गुटका दिया और खुद गन्ना चूसते हुए उनसे बातें करने लगा। मौके पर गांव के दो बच्चे भी थे। इसी दौरान उनमें से एक युवक राजेश के कंधे पर हाथ रखकर उससे बातें करने लगा, जबकि दूसरे युवक ने दाईं ओर से पीठ पर तमंचा सटाकर एक के बाद एक दो गोलियां दाग दीं। गोलियां लगने से राजेश वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर दोनों युवक अजीतपुर जाने वाली सड़क पर पैदल भाग निकले।
खास परिचित थे राजेश के हत्यारे
बुवाई कर रहे कांति ने बताया कि खेत के दूसरे छोर पर होने के कारण वह फायर की आवाज नहीं सुन सका। बच्चों द्वारा जानकारी देने पर उसने राजेश का खून से लथपथ शव खेत में पड़े देखा। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ राजेश भट्ट, कोतवाल काशीपुर चंचल शर्मा, कोतवाल जसपुर अब्दुल कलाम, कुंडा थाना प्रभारी सुधीर कुमार व आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राजेश की हत्या करने वाले युवक उसके परिचित थे। ग्रामीणों ने बताया कि राजेश किसी तरह का दुर्व्यसन नहीं करता था। उसने कभी सिगरेट व गुटके आदि का सेवन नहीं किया। पुलिस ने मृतक की जेब में रखी डिब्बी से एक सिगरेट व दो गुटके बरामद किए हैं। बताया गया है कि वह उससे मिलने आए युवकों के लिए ही सिगरेट व गुटके खरीदकर लाया था। मृतक की मां रामो देवी ने किसी से रंजिश होने की बात से इंकार किया है।
नौकरी की तैयारी में लगे होने के कारण नहीं किया विवाह
राजेश (27) ने सरकारी नौकरी पाने के लिए अभी तक विवाह नहीं किया था। बीएड करने के बाद उसने डीएलएड कर शिक्षक की नौकरी के लिए आवेदन किया था। नौकरी के लिए तैयारी करने के चलते उसने अभी तक विवाह नहीं किया था। जबकि उसके भाई ब्रजेश की शादी 19 वर्ष की उम्र में ही हो चुकी थी। राजेश की अपने भाई से कम बातचीत होती थी लेकिन उसने भतीजी की विवाह में भरपूर सहयोग दिया था।
दो लोगों ने ग्राम दभौरा मुस्तहकम निवासी राजेश की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। पुलिस घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
- डॉ. जगदीश चंद्र, एएसपी काशीपुर