देहरादून: 155 अवैध दुकान ढहाने पहुंची टीम, व्यापारी हुए बेकाबू, एसपी सिटी से की अभ्रदता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार को प्रेमनगर में अवैध दुकान ढहाने के दौरान हंगामा मच गया। अतिक्रमण ढहाने गई टीम भारी विरोध का सामना करना पड़ा। गुस्साए दुकानदार धरने पर बैठ गए। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।
प्रेमनगर बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार को ‘महाअभियान’ चलाया गया। सुबह करीब सात बजे यहां बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ शुरू हो गई। जिसके विरोध में व्यवसायी धरने पर बैठ गए। उन्होंने पक्षपात का आरोप लगाया। कहा कि पहले अवैध अतिक्रमण हटाओ, फिर हम खुद अपनी दुकानें तोड़ेंगे।
अगर हमारी दुकानें अवैध हैं तो नक्शा पास क्यों किया गया? प्रशासन ने अवैध काम क्यों किया? व्यापारियों ने अधिकारियों को बुलाने की बात भी कही। इस दौरान एक व्यापारी ने आत्मदाह की धमकी भी दे डाली। लेकिन उसके बाद वह खुद ही अपना शो रूम तोड़ने में लग गया। गुस्साए लोगों ने टीम से नोक-झोंक कर दी। जिसके बाद लोगों को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। एक व्यापारी ने तो एसपी सिटी प्रदीप कुमार राय से अभद्रता तक कर दी। व्यापारी ने उनका कॉलर पकड़ दिया।
155 अतिक्रमणों पर गरजेंगे प्रशासन के डोजर
155 दुकानें अतिक्रमण के जद में
बता दें कि यहां 155 दुकानें अतिक्रमण के जद में हैं। यहां अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। भाजपा के चार विधायक ही अतिक्रमण विरोधी अभियान के खिलाफ खड़े हो गए थे। लिहाजा इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को प्रेमनगर बाजार पूरी तरह से जीरो जोन रहा। यहां से गुजरने वाले यातायात को विभिन्न वैकल्पिक मार्गों से होते हुए भेजा गया। वहीं पहली बार अतिक्रमण हटाने के लिए पोकलैंड मशीन की मदद ली गई।
पुराने रवैये पर अड़े जोशी
उधर, प्रेमनगर में अतिक्रमण विरोधी अभियान का विरोध कर चुके विधायक गणेश जोशी अब भी अपने पुराने रवैये पर अड़े हैं। वे बृहस्पतिवार को भी एडीएम के साथ प्रेमनगर गए और अपनी बात रखी। गणेश जोशी का कहना है कि यहां ज्यादातर लोग सरकार की ओर से दिए गए पट्टे पर बसे हैं। ऐसी स्थिति में सरकार उन्हें कैसे उजाड़ सकती है। इसका कोई माकूल विकल्प तलाशना चाहिए।
प्रेमनगर बाजार का बहुत बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की जद में
गौरतलब है कि प्रेमनगर बाजार का बहुत बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की जद में है। पिछले महीने अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था। कोर्ट के आदेश के तत्काल बाद चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में चार भाजपा विधायकों के सामने आने पर स्थानीय व्यापारियों के हौसले बढ़ गए थे, इसके उल्टे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने वाली मशीनरी बैकफुट पर आ गई थी। शुक्रवार को भी रूट डायवर्जन से लेकर विभिन्न स्थानों पर फोर्स भी तैनात की गई है। अभियान के दौरान यहां दंगा नियंत्रण वाहन भी तैनात रहेगा।
ये रहेगा डायवर्जन प्लान
-प्रेमनगर, नंदा की चौकी, सुद्धोवाला में स्थित शिक्षण संस्थानों के वाहन मीठीबेरी चौक से ठाकुरपुर होते हुए बालाजी मंदिर से अपने गंतव्यों की ओर जाएंगे।
-आईएसबीटी से प्रेमनगर सेलाकुई, विकासनगर जाने वाले सभी वाहन शिमला बाईपास रोड से सेंट ज्यूड्स चौक से नया गांव होते हुए धुलकोट की ओर भेजे जाएंगे।
-पांवटा साहिब, डाकपत्थर एवं विकासनगर से देहरादून की ओर आने वाले समस्त वाहन हर्बटपुर से धर्मावाला होते हुए नया गांव से शिमला बाईपास की ओर जाएंगे।
-सेलाकुई राजावाला से देहरादून की ओर आने वाले सभी वाहन धुलकोट तिराहे से सिंगडीवाला से होते हुए शिमला बाईपास की तरफ जाएंगे।
-सुद्धोवाला से प्रेमनगर की ओर आने वाले सभी वाहनों को बालाजी मंदिर की ओर डायवर्ट कर शिमला बाईपास से देहरादून शहर की ओर भेजा जाएगा।
-बिधौली से प्रेमनगर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को नंदा की चौकी से डायवर्ट कर बालाजी मंदिर की ओर भेजकर शिमला बाईपास से देहरादून शहर की ओर भेजा जाएगा।
-टी एस्टेट चौक से कोई भी वाहन प्रेमनगर बाजार की ओर नहीं जाएगा।
-बल्लूपुर चौक से कोई भी वाहन प्रेमनगर की ओर नहीं जाएगा। सभी वाहनों को डायवर्ट कर जीएमएस रोड होते हुए शिमला बाईपास की ओर भेजा जाएगा।
-बल्लीवाला चौक से वसंत विहार होते हुए प्रेमनगर की ओर आने वाले यातायात को कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा।