नशे में धुत युवक ने तेज रफ्तार कार से 5 वाहनों को मारी टक्कर, सीपीयू कर्मियों को भी कुचलने का प्रयास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में देर रात नशे में धुत एक रईसजादे ने अपनी जैगुआर कार से एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। सीपीयू कर्मियों ने उसे रोकना चाहा तो उसने उन्हें भी कुचलने के प्रयास किया।
टक्कर मारने का सिलसिला रेसकोर्स से शुरू हुआ और जोगीवाला चौक पर उसे पकड़ लिया गया। घटना में चालक खुद भी घायल हुआ है। उसे कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक की पहचान सौरभ पाल पुत्र सुशील पाल निवासी डोईवाला के रूप में हुई है। सौरभ देहरादून से अपने घर डोईवाला जा रहा था। इस दौरान उसने रेसकोर्स में एक विक्रम को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि विक्रम पलटा नहीं, लेकिन कई सवारियां नीचे गिर गईं।
नाकेबंदी कर पकड़ में आया युवक
विक्रम चालक ने पुलिस को सूचना दी तो रिस्पना पुल के पास सीपीयू कर्मियों ने कार रोकने का प्रयास किया। लेकिन फरार होने की कोशिश कर रहे सौरभ ने उन्हें भी कुचलने की कोशिश की।
वहां से निकलकर उसने एक बाइक, एक कार, एक स्कूटर और एक ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद फव्वारा चौक पर जमा हुए लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। सौरभ किसी तरह कार लेकर यहां भाग निकाला। इस दौरान पुलिस ने जोगीवाला तक नाकेबंदी कर दी थी। पुलिस ने कार को जोगीवाला पर रोक लिया।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि शौरभ ने शराब पी हुई थी। इसकी मेडिकल में पुष्टि हुई है। जो लोग घायल हैं उनके भी बयान लिए जा रहे हैं। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि कार चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत
वहीं, दून विश्वविद्यालय रोड पर रविवार रात दो बाइकों की की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। बिहार के अहरिया जिला निवासी मोहम्मद युुसुफ (20) और मोहम्मद वारिस (22) नेहरू कालोनी क्षेत्र के राजीवनगर स्थित नई बस्ती में रहकर मजदूरी का काम करते थे।
दोनों युवक रविवार रात बाइक पर दून विश्वविद्यालय रोड से होते हुए मोथरोवाला की तरफ जा रहे थे। गीतांजलि एंकलेव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर भी दो युवक सवार थे। हादसे के बाद युसुफ और वारिस की बाइक बिजली खंबे से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार चारों युवक घायल हो गए।
एसओ नेहरू कालोनी दिलबर नेगी ने बताया कि 108 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात युसुफ और वारिस ने दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार छात्र सचिन रावत निवासी विद्या विहार और ऋषभ शर्मा निवासी अजबपुर एकता कालोनी को भी चोटें आई हैं। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दोनों बाइकों की रफ्तार तेज थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
एक नहीं बांधी थी हेलमेट की बेल्ट, दूसरे ने पहना ही नहीं था
बाइक चला रहे युसुफ ने हेलमेट पहना था, लेकिन उसने बेल्ट नहीं बांधी थी। हादसा होते ही उसका हेलमेट सिर निकल कर अलग जा गिरा और इसी कारण के सिर में गंभीर चोट आई। यही चोट उसकी मौत का कारण बनी। पीछे बैठे वारिस ने हेलमेट पहना ही नहीं था। मुंह के एक हिस्से पर गंभीर चोट आने से उसकी मौत हुई। दूसरी बाइक चला रहे युवक ने सही तरीके से हेलमेट पहना था, शायद इसीलिए उसकी जान बच गई।