कुत्तों के गैंग ने किया जंगल के शिकारी का शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ में इंसानों के लिए गुलदार बेशक खौफ का सबब बने हों लेकिन गांव के कुत्ते इस खूंखार जानवर पर भारी पड़े। टिहरी के भिलंगना गांव में घुसी एक मादा गुलदार पर कुत्तों ने हमला बोल दिया और घेरकर मार गिराया।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार के शव को उठाकर घनसाली बहेड़ा स्थित रेंज कार्यालय ले गई।
वन रेंज अधिकारी केएस भंडारी ने घटना की पुष्टि की। बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम करने के बाद गुलदार के शव को नष्ट कर दिया जाएगा। यह घटना टिहरी के भिलंगना वन क्षेत्र के अंतर्गत जाख डखवाण गांव में बृहस्पतिवार शाम पांच बजे के करीब हुई।
गांव में घुसी मादा गुलदार पर बोला हमला
ग्राम प्रधान उत्तम सिंह पंवार ने बताया कि शाम को ग्रामीण खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान डखवाण गांव के घंडियाल गाड तोक की ओर से एक गुलदार गांव की ओर आने लगा। गांव के कुत्तों को जैसे ही गुलदार की भनक मिली वे जोर-जोर से भौंक कर उसका पीछा करने लगे।
गुलदार के पांव उखड़ गए। पलटकर घंडियाल तोक की ओर भागने लगी, लेकिन कुत्तों ने उसे जाने नहीं दिया और मार डाला।
ग्राम प्रधान ने बताया कि कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर ग्रामीण भी काम छोड़कर घंडियाल तोक की ओर गए, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे तब तक कुत्ते गुलदार को मार चुके थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन रेंज अधिकारी केएस भंडारी ने बताया कि मारी गई मादा गुलदार की आयु करीब पांच साल थी।