धनतेरस पर बाजार तैयार, ऑफर बेशुमार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खरीदारी के लिए धनतेरस का त्योहार शुभ माना जाता है। बर्तन, सोना-चांदी की खरीद इस दिन विशेष रूप से की जाती है।
इसके अलावा वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान भी खरीदा जाए। सोमवार को दिनभर लोग खरीदारी की योजना बनाते रहे। वहीं, कारोबारियों ने भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। हालांकि सोमवार शाम के समय बाजारों में खासी रौनक रही।
विभिन्न तरह के बर्तनों की चमक देखते ही बन रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम से लेकर कपड़े ही नहीं बल्कि कास्मेटिक और बच्चों के सामान पर भी बेशुमार ऑफर हैं।
कॉस्मेटिक्स में कंपनियां एक हजार से लेकर चार हजार तक की खरीदारी पर छूट लेकर आई हैं। हैंडबैग से लेकर फेशियल और मेकअप के कूपन ग्राहकों को दिए जा रहे हैं। पलटन बाजार में कॉस्मेटिक विक्रेता रीना नेगी ने बताया कि यह ऑफर खासकर लैक्मे लेकर आया है।
एलईडी की खरीद पर पैन ड्राइव, कैमरा दिया जा रहा है। दून फ्रैंड ट्रेडर्स के विक्रेता संदीप ने बताया कि फ्रीज की खरीदारी पर भी स्क्रैच कूपन दिए जा रहे हैं। विक्रेता सुनील कुमार ने बताया कि एलईडी के साथ इंडक्शन और स्टाइल किट जैसे उपहार वह अपनी ओर से दे रहे हैं। कपड़ों पर भी दस से पंद्रह प्रतिशत की छूट है।
शुभ मुहूर्त पर खरें खरीदारी
शुभ मुहूर्त
- सुबह 9.14 से 1.23 बजे तक
- दोपहर 2.47 से शाम 4.10 बजे तक
- शाम 7.05 से रात 8.35 बजे तक
पाकिस्तानी स्टाइल सूट बना पसंद
बाबा कलेक्शन के गौरव गुप्ता ने बताया कि दिवाली के लिए पाकिस्तानी स्टाइल का सूट और वेलवेट की लेगी पसंद की जा रही है। ग्राहकों को 15 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
बच्चों के कलेक्शन पर भी छूट
बच्चों के लिए खरीदारी पर भी कंपनियां ऑफर लाई हैं। पलटन बाजार में ए टू जेड केयर के विक्रेता आरके अरोड़ा ने बताया कि बच्चों के लिए बिकने वाले महंगे सामान जैसे प्रेम्प, हाई चैयर आदि पर डिस्काउंट दिया जा रहा है।
आज है धन त्रयोदशी
मंगलवार को धन त्रयोदशी है। आचार्य भरत राम तिवारी ने बताया कि इस दिन चौदह रत्नों में से एक धनवंतरि वैध समुद्र से अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसके साथ ही लक्ष्मी जी भी प्रकट हुई थी। यही वजह है कि इस दिन बर्तन, सोने चांदी की खरीदारी शुभ मानी जाती है।
डॉ. आचार्य सुशांत राज ने बताया कि प्रदोष व्यापिनी तिथि धनतेरस पूजन के लिए शुभ मानी जाती है। पंडित ज्ञानेंद्र पांडे ने बताया कि शाम को 5 बजकर 34 मिनट से 8 बजकर 10 मिनट तक रात्रि घर के मुख्य द्वार पर अन्न की ढेरी पर यमराज के लिए दीपक जलाना चाहिए।
आज कहां, कैसे जाएं...
धनतेरस पर शगुन की खरीदारी के लिए घर से निकलने वाले हैं तो पहले ट्रैफिक प्लान जान लें। एसएसपी अजय रौतेला ने बताया कि धनतेरस से दिवाली तक डायवर्जन लागू रहेगा।
19 स्थानों पर पुलिस प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से बाजारों में संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। हर चौराहे पर पुलिस सक्रिय रहेगी। पुलिस ऑफिसों में काम करने वाले जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बाजारों के बाहर तैनात रहेंगी।
यह है डायवर्जन
- यूकेलिप्टस चौक-घंटाघर क्षेत्र में यातायात के दबाव पर राजपुर रोड से घंटाघर की तरफ आने वाला यातायात बेनी बाजार, सर्वे चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा
- ओरियंट चौक-राजपुर रोड की तरफ से आने वाला यातायात कनक चौक की ओर डायवर्ट रहेगा
- घंटाघर-चकराता रोड की ओर से आने वाला यातायात घंटाघर से ओरियंट चौक से होकर जाएगा
- दर्शनलाल चौक-दर्शनलाल से घंटाघर की तरफ जाने वाला यातायात पंत रोड पर डायवर्ट रहेगा
- सहारनपुर चौक-बल्लीवाला से सहारनपुर चौक की तरफ वाहन आ सकेंगे, लेकिन इधर से कोई वाहन बल्लीवाला चौक की तरफ नहीं जाएगा। यह वाहन भूरा स्टोर रोड से कांवली रोड होकर जाएंगे, बड़े वाहन सब्जी मंडी से होकर जीएमएस रोड जाएंगे
- सीएमआई-रेसकोर्स चौक-सीएमआई तथा रेसकोर्स चौक से वाहन प्रिंस चौक की ओर जाएंगे, इन चौराहों से सुभाष रोड की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा
यहां रास्ता रहेगा वन-वे
- लक्खीबाग से पीपल मंडी तक वाहन जा सकेंगे, लेकिन पीपल मंडी से कोई वाहन नहीं आएगा, इस मार्ग के वाहन राजा रोड होते हुए गांधी पार्क जाएंगे, राजा रोड से पीपल मंडी की तरफ वाहनों पर रोक रहेगी
- तहसील चौक से पलटन बाजार की तरफ वाहन नहीं जा पाएंगे, यहां के वाहन डिस्पेंसरी रोड से कोतवाली के पीछे होकर जाएंगे, धामावाला मस्जिद पर बैरियर लगाकर मार्ग बंद किया जाएगा
- मंडी तिराहे से भी धर्मपुर की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी
- धर्मपुर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर आराघर जाने वाले यातायात को धोबी चौक, पुलिस लाइन होते आराघर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा
- आराघर टी जंक्शन से धर्मपुर की तरफ आने वाले यातायात को रोसकोर्स की तरफ दामिनी चौक की तरफ डायवर्ट किया जायेगा
यहां लगे रहेंगे बैरियर
मच्छीवाला बाजार काली मंदिर के पास, पीपल मंडी, धामावाला मस्जिद, राजा रोड, दर्शनी गेट, ओरियंट चौक, यूकेलिप्टस चौक, सीएमआई तिराहा, रेसकोर्स चौक, सहारनपुर चौक -कांवली रोड, तहसील चौक के पास
यहां खड़ा करें वाहन
परेड ग्राउंड, पवेलियन ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कालेज, तहसील परिसर, पुराना रोडवेज बस अड्डा, कालूमल धर्मशाला, रेंजर ग्राउंड, बन्नू स्कूल, जनपथ मार्केट बिंदाल, नगर निगम कार्यालय, पुराना सिटी बस अड्डा, न्यू कांप्लेक्स घंटाघर, डिस्पेंसरी रोड कांप्लेक्स
जाम लगा तो खैर नहीं
एसएसपी अजय रौतेला ने चौकी प्रभारियों से कहा है कि जाम लगने और पर्स छीनने की घटना होने की स्थिति में सख्त कार्रवाई होगी। निर्देश दिया कि चौकी प्रभारी अपने क्षेत्रों के संदिग्ध लुटेरों और चोरों के यहां रात को ही दबिश दें।