नवरात्रि पूजा के लिए दिल्ली से अल्मोड़ा आ रही कार खाई में गिरी, पांच यात्री बुरी तरह घायल
दिल्ली से अल्मोड़ा के सराईखेत आ रही एक आर्टिका कार हिनौला के पास खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। दो गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए रामनगर ले जाया गया। सभी लोग दिल्ली से नवरात्रि में पूजा के लिए मसमोली गांव आ रहे थे।
बुधवार सुबह 11 बजे आर्टिका कार (डीएस-8-सीएयू-1309) से दिल्ली के भजनपुरा से जगत सिंह नेगी परिवार के साथ सराईखेत मसमोली अपने गांव नवरात्रि में पूजा के लिए आ रहे थे। हिनौला के पास कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना में मसमोली श्रीगाड़ स्याल्दे निवासी जगत सिंह नेगी (42) पुत्र थान सिंह नेगी, उनकी पत्नी भारती नेगी (33), श्याम सिंह (65) पुत्र बहादुर सिंह नेगी, शाकंबरी देवी (70) पत्नी थान सिंह और अनन्या चौहान (15) पुत्री बसंत चौहान घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह रावत अन्य साथियों के साथ सभी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद निजी वाहन से उपचार के लिए उन्हें स्वास्थ्य केंद्र देवायल लाए।
पुलिस और तहसील प्रशासन के कर्मियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। देवायल अस्पताल से गंभीर रूप से घायल भारती नेगी और शाकंबरी देवी को रामनगर रेफर कर दिया है। उन्हें 108 एंबुलेंस से रामनगर उपचार के लिए ले जाया गया है, जबकि तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।