देहरादून: नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद कार्यक्रम, सीएम धामी बोले- हरिद्वार कुंभ में करेंगे 'नेत्र सेवा' की नई पहल
राजधानी देहरादून में आयोजित नेत्र कुंभ में सीएम धामी ने कहा कि आगामी कुंभ में लोगों को चश्मा देने और अन्य प्रकार की सेवा की जाएगी।
विस्तार
देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में आज नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेत्रकुंभ में शामिल होने पर खुशी महसूस हो रही है। प्रयाग के कुंभ में इसी तरह के आयोजन से लाखों लोगों को चश्मा और अन्य प्रकार की नेत्र सेवा दी गई थी। कहा कि नदियों और पेड़ों की तरह हमारे जीवन का उद्देश्य दूसरों के जीवन के लिए कुछ बेहतर करने की कोशिश होनी चाहिए। नेत्रों को अन्य इंद्रियों से प्रधान कहा गया है क्योंकि इसी से हम लोगों को देखते हैं और अन्य चीजों का ज्ञान प्राप्त करते हैं। इसलिए इन नेत्रों को स्वस्थ और सुरक्षित रहना चाहिए। नेत्रों की सेवा करने वाले ईश्वरीय कार्य कर रहे हैं। कहा कि ऐसा कहा जाता है कि प्रयागराज, काशी और हरिद्वार जैसे पवित्र तीर्थस्थलों पर सेवा करने से कई गुना अधिक पुण्य प्राप्त होता है। इसी तरह आगामी हरिद्वार कुंभ में भी इसी तरह लाखों लोगों को चश्मा देने और अन्य प्रकार की सेवा की जाएगी।
कहा कि जब किसी दादी की आंख ठीक होगी और वह अपने पोते का चेहरा देखेगी तो वह आशीर्वाद देगी और इसका पुण्य इस कार्य में सम्मिलित लोगों को ही मिलेगा। धामी ने कहा कि हरिद्वार में कुंभ का आयोजन होने जा रहा है और इसमें देश ही नहीं दुनिया भर के लोग आयेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पवित्र और अच्छे तरीके से सभी बेहतर सुविधा के साथ सम्पन्न हो, इसकी कोशिश की जानी चाहिए।
मसूरी अल्ट्रा मैराथन: 280 महिलाओं समेत 1141 से अधिक धावकों ने दिखाया दमखम, अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़े कदम
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि आंख है तो दुनिया है, ऐसा कहा जाता है। नेत्रदान को महादान कहा जाता है। सक्षम के कार्य को देखकर समझ आता है कि आरएसएस किस तरह से राष्ट्र को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ के दौरान आरएसएस के द्वारा नेत्र कुंभ में चश्मे दान करने के कार्य का वे स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में उनका पूर्ण विभागीय सहयोग बना रहेगा।
हंस फाउंडेशन से जुड़ी माता मंगला ने कहा कि एक संगठन से ही अनेकों बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को नेत्र विषय से जुड़ी सेवा मिल रही है। हमारा देश समृद्ध है। यदि हम सक्षम हैं तो हमें जितना संभव हो, लोगों की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस नेत्रकुंभ को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।
