Dehradun: अमर उजाला मैराथन...सेहत के लिए दौड़ा दून, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग, खेल मंत्री भी पहुंचीं
एक दौड़ सेहत की ओर विषय पर आधारित मैराथन में पुरुष और महिला वर्ग की अलग-अलग श्रेणियां रखी गई।
विस्तार
अमर उजाला की ओर से आयोजित मैराथन-एक दौड़ सेहत की ओर में दून के एक हजार से अधिक लोगों ने सड़कों पर हुंकार भरी। इस दौरान लोगों ने स्वास्थ्य का संदेश दिया।
रविवार को पुलिस लाइन से द्वारका स्टोर तक करीब पांच किलोमीटर की दौड़ में दूनवासियों ने दमखम दिखाया। देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ शुरू होने से पहले पुलिस लाइन के मैदान में प्रतिभागियों ने गढ़वाली गानों पर जमकर नृत्य किया। प्रतिभागियों को अमर उजाला की ओर खास टी-शर्ट भी उपलब्ध कराई गई। दौड़ के विजेताओं को खेल मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
महिला और पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को 7100, दूसरा स्थान हासिल करने वालों को 5100 और प्रथम स्थान हासिल करने वालों को 3100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसमें खास बात यह रही कि लोग दौड़ के आगे अपनी उम्र और शारीरिक परिस्थितियां भूल गए। बच्चे, बुजुर्ग, महिला, पुरुष सभी इस दौड़ का साक्षी बने।
Uttarakhand: आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने की तैयारी, 16, 17 और 18 मार्च को होगी मॉक ड्रिल
अमर उजाला के इस खास कार्यक्रम में प्रतिभाग लेने वाले लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला है। मैंने भी पांच किलोमीटर की दौड़ पूरी कर लोगों को स्वास्थ्य का संदेश दिया है।
- आरती शर्मा, देहरादून
दौड़ के साथ धावकों ने लोगों को स्वस्थ रहने के लिए संदेश दिया है। युवाओं में इसके लिए खासा जोश देखने को मिला है। उनके अंदर भी काफी उत्साह रहा।
- श्रेया नौटियाल, देहरादून
अमर उजाला की ओर से समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। वे पिछले कई वर्षों से वे इसका हिस्सा बन रहे हैं। इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए। - महाबीर सिंह बिष्ट, कोटद्वार
4- पांच किलोमीटर की मैराथन में हिस्सा लेना मेरे लिए गर्व की बात है। इस तरह के आयोजनों से उन्हें प्रेरणा मिलती है। उनकी उम्र भले ही ज्यादा हो लेकिन उत्साह आज भी बरकरार है।
- जितेंद्र गुप्ता, देहरादून
5- पैरों से भले ही दिव्यांग हो लेकिन जज्बा कभी भी कम नहीं हुआ। लोग अपने पैरों से दौड़ रहे थे हम व्हील चेयर से मैराथन में भाग रहे थे। दौड़ में प्रतिभाग करके काफी प्रेरणा मिली है।
- चौहान सिंह, टिहरी गढ़वाल
6- मैराथन में प्रतिभाग करने के लिए काफी उत्साह था। इसके लिए उन्हाेंने काफी पहले ही पंजीकरण करवा लिया था। दौड़ में हिस्सा लेने के लिए वह सुबह पांच बजे की पुलिस लाइन पहुंच गए थे।
- गजेंद्र नेगी, पौड़ी गढ़वाल
7- माता-पिता से फिट रहने की प्रेरणा मिलती है। दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेना उनके लिए गर्व की बात है। अमर उजाला की इस पहल से बच्चों में काफी उत्साह है।
- सिद्धी, देहरादून
8- दौड़ना सेहत के लिए काफी महत्वपूर्ण है। स्वस्थ जीवन ही समाज को आगे लेकर जा सकता है। अमर उजाला की दौड़ मैराथन में भाग लेकर मैंने पांच किलोमीटर की दौड़ पूरी की है।
- आरव, देहरादून
खेल मंत्री रेखा आर्य ने अमर उजाला मैराथन के विजेताओं को किया पुरस्कृत
2047 में विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सबसे पहले हमें स्वस्थ भारत का निर्माण करना होगा। स्वस्थ समाज ही देश की प्रगति में योगदान दे सकता है। इसलिए अपने सेहत का ख्याल रखें और फिट इंडिया, फिट उत्तराखंड बनाने में योगदान दें। खेल मंत्री रेखा आर्य ने ये बातें अमर उजाला की ओर से आयोजित मैराथन एक दौड़ सेहत की ओर में कहीं। उन्होंने धावकों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को पुरस्कार भी दिए।
मैराथन पूरी कर आए धावकों को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि दौड़ने से शरीर के हर अंग को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। शरीर रूपी साधन से ही हर प्रकार का कार्य और जिम्मेदारी का निर्वहन करना संभव है। इसलिए शरीर का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्क्रीन टाइम कम करने की भी अपील की। कहा, अब लोग दिनभर मोबाइल, लैपटॉप, टीवी देखते हैं। इसके कई गंभीर दुष्प्रभाव हैं। इसलिए युवाओं को स्क्रीन टाइम कम कर दिन में थोड़ा वक्त आउटडोर खेलों में भी बिताना चाहिए।
यहीं से शुरू हुई थी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ यात्रा
मंत्री रेखा आर्य ने 2017 में हुई 55 किलोमीटर की साइकिल यात्रा को याद करते हुए कहा कि इसी पुलिस लाइन ग्राउंड से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ यात्रा की शुरुआत की थी। लोगों को जागरूक करने के लिए उस यात्रा ने कारगर संदेश दिया था। उसी तरह आज एक दौड़ सेहत की ओर भी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दे रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.