उत्तराखंडः स्वाइन फ्लू रोज ले रहा जान, हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू से हो रही मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में देहरादून में स्वाइन फ्लू से लगातार मौतें हुई।
अब रुद्रपुर के रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज बरेली में स्वाइन फ्लू से तराई विहार निवासी एक गर्भवती महिला की मौत की भनक लगते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। लोगों में भी खौफ दिखा। आनन फानन में मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतका के पति, पुत्र और जेठ सहित करीब आठ अन्य पड़ोसियों की जांच कर पांच दिन की दवा दी।
सीएमओ डॉ. एचके जोशी के मुताबिक तराई विहार कॉलोनी निवासी नीतू सक्सेना (28) पत्नी कपिल सक्सेना पांच माह से गर्भवती थी। बीते कुछ दिनों से उसकी तबियत खराब थी। इस पर परिजनों ने उसका उपचार भी कराया, लेकिन ठीक न होने पर जब डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू होने की आशंका जताई तो परिजन 19 मार्च को उसे उपचार के लिए रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज बरेली ले गए।
वहां परिजनों को डॉक्टरों ने बताया कि नीतू को स्वाइन फ्लू है और उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी। इस पर जब परिजन उसे लखनऊ ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन उसकी अस्पताल में ही मौत हो गई। नीतू की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर रुद्रपुर पहुंचे और शनिवार की सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।
इधर, इसका पता चलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीएमओ एचके जोशी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम तराई विहार कॉलोनी पहुंची और मृतका के परिजनों से मामले की जानकारी ली।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतका के पति कपिल, पुत्र अहम और जेठ शैलेंद्र सक्सेना की नाक और गले की जांच कर सैंपल लिए। साथ ही आसपास रहने वाले करीब पांच अन्य लोगों की भी स्वास्थ्य विभाग ने जांच की। बाद में सभी को पांच दिन की दवा भी दी गई।
नहीं है पैथोलाजी रिपोर्ट
रुद्रपुर में सीएमओ एचके जोशी ने बताया कि मृतका नीतू की पैथोलॉजी रिपोर्ट परिजनों के पास नहीं है। परिजनों के मुताबिक रुहेलखंड मेडिकल कालेज में डॉक्टरों ने उन्हें मौखिक रूप से बताया कि नीतू को स्वाइन फ्लू है।
मास्क लगाकर घूम रहे पड़ोसी
रुद्रपुर की तराई विहार कालोनी में महिला की स्वाइन फ्लू से मौत की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में खौफ साफ नजर आया। मृतका के घर के आसपास रहने वाले लोग मुंह पर मास्क लगाने लगे हैं। यही नहीं घर के साथ ही बाहर आने पर भी वे लोग मास्क लगाए दिखे।
स्वाइन फ्लू से बचने को बरतें सावधानी
- रोजाना कई बार साबुन से अपने हाथ धोएं
- खांसी, जुकाम और बुखार वाले मास्क पहनकर घर पर ही आराम करें
- किसी बाहरी व्यक्ति से हाथ न मिलाएं
- भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, अगर जाना पड़े तो रुमाल नाक पर रखे
- पानी और अन्य तरल पदार्थों का अत्याधिक सेवन करें
- तेज बुखार और कमजोरी होने पर डॉक्टर को दिखाएं