{"_id":"5bddba21bdec22694517dd09","slug":"criminal-hide-themselves-in-sugar-field-firing-in-roorkee","type":"story","status":"publish","title_hn":"गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजी रुड़की, बदमाशों के छिपे होने की आशंका पर पुलिस ने की फायरिंग ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजी रुड़की, बदमाशों के छिपे होने की आशंका पर पुलिस ने की फायरिंग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुड़की
Updated Sat, 03 Nov 2018 08:44 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खेड़ी गांव का जंगल शनिवार सुबह तड़के ही गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बदमाशों के एक गन्ने के खेत में छिपने की आशंका पर पुलिस की ओर से कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। इस बीच लूट कर फरार हुए बदमाशों की तलाश में देवबंद पुलिस भी मौके पर आ पहुंची। दोनों प्रदेशों की पुलिस ने हवाई फायरिंग करते हुए घंटों तक खेत में बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया।
विज्ञापन
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ी में बाइक लूट व मुर्गी फार्म पर लूटपाट करने वाले बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस ने जंगल में छानबीन शुरू की। पुलिस बदमाशों की तलाश करते हुए साढौली-लखनौत मार्ग पर जा पहुंची। इस बीच पुलिस को एक गन्ने के खेत में बदमाशों के छिपे होने का शक हुआ। बदमाशों के छिपे होने के शक पर पुलिस ने खेत को चारों तरफ से घेर लिया। इस बीच पुलिस ने बदमाशों को खेत से बाहर निकालने के लिए हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी।
विज्ञापन
इस बीच शुक्रवार की रात देवबंद में हुई लूट के मामले में बदमाशों की तलाश करते हुए देवबंद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों प्रदेशों की पुलिस ने बदमाशों के खेत में छिपे होने की आशंका पर कई राउंड हवाई फायरिंग की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया। सुबह-सुबह जंगल से गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण खेत के पास जा पहुंचे और पुलिस से जानकारी ली। वहीं, बदमाशों के खेत में नहीं मिलने के बाद दोनों प्रदेशों की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र में हुई लूट की वारदातों के बारे में जानकारी साझा की। इसके बाद दोनों प्रदेशों की पुलिस वापस बैरंग लौट आई।
विज्ञापन
लोगों में दहशत का माहौल
मंगलौर क्षेत्र में आए दिन हो रही लूटपाट की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग रात के समय घर से बाहर आने जाने से परहेज कर रहे हैं। यहां तक की ग्रामीण रात को अपने खेतों की सिंचाई तक करने नहीं जा रहे हैं। ग्रामीणों में बदमाशों को खौफ इतना है कि वह अपने रिश्तेदारों को भी रात में आने-जाने से मना कर रहे हैं।
देवबंद में भी ताबड़तोड़ लूट
बदमाश उत्तराखंड ही नहीं वेस्ट यूपी में भी ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। एसपी देहात मणिकांत मिश्र ने बताया कि देवबंद पुलिस से जानकारी मिली है कि बदमाश उनके क्षेत्र में करीब एक दर्जन से भी अधिक वारदात को दो तीन में ही अंजाम दे चुके हैं। देवबंद पुलिस भी लगातार बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस का छीना चैन
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में पिछले एक माह में बदमाश आधा दर्जन से भी अधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। हाल ही में चार दिन पूर्व बदमाशों ने एक ढाबे पर लूटपाट की थी। बदमाशों के लगातार वारदात को अंजाम देने से पुलिस की रातों की नींद उड़ गई है। पुलिस रातभर बदमाशों की तलाश करने में जुटी है।
जंगल में एक गन्ने के खेत में बदमाशों के छिपे होने की आशंका थी। इसके चलते पुलिस की ओर से बदमाशों को बाहर निकालने के लिए हवाई फायरिंग की गई थी। देवबंद पुलिस भी मौके पर आ गई थी, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया।
- मणिकांत मिश्र, एसपी देहात