'पापा मैं नशा नहीं छोड़ सकता, दुनिया छोड़ रहा हूं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के सिंचाई खंड में तैनात युवा जूनियर इंजीनियर (जेई) ने मंगलवार रात नुवान पीकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के कमरे से सुसाइडनोट और नुवान की शीशी बरामद की है।
मूल रूप से कौव नारायणबगड़ (चमोली-गढ़वाल) के रहने वाले 23 साल के इंजीनियर संदीप कुमार पुत्र बीजू लाल की पहली नियुक्ति नवंबर 2013 में बागेश्वर में हुई थी। कोतवाल प्रतिभा भट्ट ने बताया कि पीएमजीएसवाई के सिंचाई खंड में कार्यरत संदीप कठायतबाड़ा में किराए के कमरे में रहता था। वह अविवाहित था।
रात में पी लिया जहर
कोतवाल ने कहा कि शव को देखने के बाद लगता है कि रात दो बजे के करीब उसने नुवान पिया होगा। बुधवार सुबह जब देर तक संदीप के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक गणेश ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुहंची पुलिस ने कुंडा तोड़कर दरवाजा खोला तो संदीप मृत अवस्था में चारपाई में पड़ा था। कोतवाल ने बताया कि कमरे से शराब का एक पव्वा और नुवान की छोटी शीशी भी मिली। अपनी डायरी में मृतक ने सुसाइडनोट लिखा था।
छोटे भाई को लिखा, कभी नशा न करना
पिता के नाम लिखे सुसाइडनोट में उसने लिखा था कि वह नशे का आदी हो गया था जिसे वह अब छोड़ नहीं सकता है। इसीलिए दुनिया से हमेशा-हमेशा के लिए जा रहा है, इसमें किसी का भी कोई दोष नहीं है।
सुसाइडनोट में संदीप ने अपने छोटे भाई विपिन को कभी भी नशा नहीं करने की सलाह दी है। पुलिस ने बताया कि मृतक के घर सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने पर ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एसडीएम फिंचा राम चौहान ने मौका मुआयना किया। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता चला है कि रात में संदीप फेसबुक पर चैटिंग कर रहा था। संदीप का मोबाइल पुलिस ने कब्जे में लिया है। वह तीन दिन पूर्व कालागढ़ में विभागीय ट्रेनिंग से लौटा था।