सुरक्षाकर्मी को गोली मारकर बदमाशों ने लूटे 25 लाख, सड़क पर तड़पते गार्ड का लोग बनाते रहे वीडियो
बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एटीएम में कैश डालने पहुंचे एजेंसी के एक सुरक्षाकर्मी को गोली मारकर 25 लाख रुपये लूट लिए। इसी बीच कुछ लोगों ने आरोपियों को पकड़ने का भी प्रयास
किया, लेकिन अपने को घिरता देख बदमाश रुपयों से भरे बैग से कुछ नोट हवा में बिखेर दिए।
इन्हें उठाने के लिए मौके पर लोगों में छीना-झपटी और धक्का-मुक्की हो गई। इसी का फायदा उठाते हुए बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल सुरक्षाकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बीएसएम तिराहे स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में कैश डालने एक वैन से एजेंसी के दो कर्मचारी और एक सुरक्षाकर्मी उतरे। चालक वैन में बैठा रहा। इसी बीच बाइक
सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और एटीएम के गेट पर खड़े सुरक्षाकर्मी शकील अहमद (पुत्र वशीर अहमद, निवासी अशोक नगर, ढंडेरा) पर तीन फायर झोंक दिए।
इनमें से एक गोली सुरक्षाकर्मी शकील अहमद की गर्दन से छूकर निकल गई। सुरक्षाकर्मी खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। इसी बीच बदमाशों ने कैश डाल रहे दोनों कर्मचारियों को हथियारों के बल पर आतंकित कर रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
बदमाशों ने फेंके बैग से निकालकर नोट
गोली की आवाज सुनते ही कुछ लोग एटीएम की ओर दौड़े पड़े। कुछ लोगों ने हिम्मत कर बदमाशों को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन अपने को घिरता देख बदमाशों ने बैग से निकालकर कुछ नोट हवा में बिखेर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नोट उठाने के लिए तिराहे पर छीना-झपटी और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसी का फायदा उठाते हुए बदमाश फरार हो गए। सूचना पर एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, कोतवाल कमल कुमार लुंठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वारदात की जानकारी जुटाई और घायल सुरक्षाकर्मी को पहले नर्सिंगहोम उसके बाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
इसी बीच परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षाकर्मी को फिर नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। शाम करीब चार बजे एसएसपी कृष्ण कुमार बीके ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी मौका मुआयना किया है। एसएसपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। फिलहाल किसी की ओर से तहरीर नहीं आई है।
तड़पता रहा सुरक्षाकर्मी, लोग बनाते रहे वीडियो
बदमाशों की गोली लगते ही सुरक्षाकर्मी शकील छटपटाते हुए जमीन पर जा पड़ा, और तड़पने लगा। गोली से हुए घाव से खून रिसकर जमीन पर बहने लगा इस दौरान लोगों ने उसका इलाज कराने की
चिंता करने के बजाय उसकी वीडियो बनानीत्न शुरु करदी। करीब 10 मिनट सतक शकील एटीएम के बाहर फर्श पर ही पड़ा रहा। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो आनन फानन में उसे एक निजी
नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
जब एसएसपी ने किया खून की तरफ इशारा
फिंगर एक्सपर्ट की टीम एटीएम में नमूने ले रही थी इसी दौरन एसएसपी ने टीम को बाहर पड़े खून की तरफ इशारा किया और खून के ऊपर बने जूते के निशान को कैमरे कैद करने के लिए कहा। जिस
पर टीम ने भी निशान को गौर से देखने के बाद उसके फोटो लेने के साथ ही सेंपल भी लिए।