प्रेमिका की खातिर फौजी का बेटा बन गया बाइक चोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून के रायवाला पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में एक फौजी के बेटे समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों बाइक, स्कूटी चुराने के बाद उन्हें बेचने के बजाय परिचितों के पास गिरवी रखकर मिलने वाली रकम से मौज करते थे। उनकी निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिल और तीन स्कूटी बरामद की गई हैं। ये वाहन हरिद्वार, डोईवाला और ऋषिकेश से चुराए गए थे।
सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पुष्पक ज्योति ने बताया कि वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों के मद्देनजर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश की अगुवाई में टीम गठित की गई थी।
रविवार को रायवाला पुलिस ने खांड गांव के पास तलाशी के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर जा रहे रूपेश नेगी निवासी गैंडीवाला थाना श्यामपुर, हरिद्वार और प्रेम सिंह निवासी धीरवाली थाना ज्वालापुर, हरिद्वार को रोका। दोनों कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर का मिलान किया तो पता चला कि दोनों वाहन चोरी के हैं।
कई और घटनाएं भी कबूल कीं
सख्ती से पूछताछ हुई तो दोनों ने वाहन चोरी की कई और घटनाएं भी कबूल कीं। बाद में पुलिस ने उनकी निशानदेही पर नौ और दोपहिया बरामद किए, जिनमें तीन स्कूटी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद वाहन हरिद्वार, ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र से चोरी किए गए है। इनमें से दो के मालिक मिल गए हैं। बताया कि दोनों ने चुराई गई कोई बाइक बेची नहीं थी, लेकिन अधिकतर वाहन परिचितों के पास चार से पांच हजार रुपये में गिरवी रखे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताय कि आरोपी रूपेश नेगी के पिता कश्मीर नेगी फौज में है और फिलहाल इलाहाबाद में तैनात है, जबकि प्रेम सिंह के पिता शेर सिंह ढाबा चलाते हैं। उन्हाेंने एसओ रायवाला संजय कुमार के अलावा कांस्टेबल मनीष डिमरी, कैलाश पंवार, सुरेंद्र सिंह, मनोज बिष्ट और जसबीर सिंह नेगी को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
..तो प्रेमिका के लिए की चोरी
पुलिस अधीक्षक देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में रूपेश नेगी ने बताया कि उसे प्रेमिका के साथ घूमने-फिरने के लिए पैसों की जरूरत रहती थी। हर महीने वह प्रेमिका पर हजारों रुपये फूंक डालता है। ऐसे में खर्चे पूरे करने के लिए उसने बाइक चोरी करनी शुरू कर दी।