सौतेली मां से परेशान बच्ची संग थाने में 'टॉर्चर'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में सौतेली मां की यातनाओं से परेशान नौ साल की बच्ची को पुलिस सात घंटे तक थाने बैठाए रही। चाइल्ड लाइन अधिकारी नियम बताते रहे, लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी।
बाद में बाल संरक्षण अधिकार आयोग के अध्यक्ष अजय सेतिया की फटकार पर रात में उसकी सुपुर्दगी प्रक्रिया पूरी हो सकी। बच्ची को सोमवार को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा।
पटेलनगर के एक स्कूल में पढ़ रही नौ साल की बच्ची छुट्टी के बाद घर जाने को तैयार नहीं थी। शिक्षिका ने पूछा तो बच्ची ने सौतेली मां द्वारा दी जाने वाली यातनाओं की जानकारी दी। शिक्षिका ने 1090 पर शिकायत की।
बच्ची को सुपुर्द करने को तैयार नहीं पुलिस
चाइल्ड लाइन के समन्वयक सुधीर भट्ट की शिकायत पर पुलिस बच्ची को लेकर चौकी पर आ गए। भट्ट भी वहां पहुंच गए। उन्होंने बच्ची को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस तैयार नहीं हुई।
कुछ देर बाद बच्ची को पटेलनगर कोतवाली लाया गया। पुलिस बच्ची को सिटी मजिस्ट्रेट के कोर्ट में पेश करने की बात कह रही थी।
रात आठ बजे तक झिकझिक चलती रही। चाइल्ड लाइन अधिकारियों ने बाल संरक्षण अधिकार आयोग के अध्यक्ष अजय सेतिया से इस मामले की शिकायत की। सेतिया ने फोन पर पुलिस से बात कर उनकी कार्रवाई को गैर कानूनी बताया।
थाने में नियुक्त दोनों बाल कल्याण अधिकारियों के छुट्टी पर होने पर उन्होंने नाराजगी जताई है। साढे़ आठ बजे के करीब सुपुर्दगी की कार्रवाई पूरी हुई, तब जाकर बच्ची को चाइल्ड लाइन अधिकारी अपने साथ ले जा सके।