तीन घंटे में दूसरी लूट, बदमाश ले गए कार और साढ़े तीन लाख
- विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर किया घायल।
- दिनदहाड़े दो लूटों से दहला रुद्रपुर।
विस्तार
विरोध करने पर राइस मिलर्स के सिर पर तमंचे की बट से वार कर बदमाशों ने उसे घायल कर दिया और फरार हो गए। जिले में तीन घंटे के भीतर लूट की दो घटनाओं से पुलिस में खलबली मच गई है। पीड़ित ने सीओ को घटना की तहरीर दे दी है।
मुख्य बाजार निवासी अर्पित छाबड़ा पुत्र श्याम सुंदर की बिंदुखेड़ा गांव में अराध्या इंडस्ट्री नाम से धान मिल है। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे अर्पित मिल से साढ़े तीन लाख रुपये का कैश लेकर होंडा सिटी कार (यूके06एएफ 1600) से रुद्रपुर आने को निकले थे। गेट से निकलते ही बिना नंबर स्विफ्ट कार में आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने कार रुकवाई।
कार के भीतर धकेलकर स्टेयरिंग पर किया कब्जा
दो बदमाश उतरे और उन्होंने अर्पित को कार से खींचा और फिर कार के भीतर धकेलकर स्टेयरिंग पर कब्जा कर लिया। जब अर्पित ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचे की बट से उसके सिर पर वार कर लहूलुहान कर दिया। जब तक अर्पित कुछ समझ पाता, बदमाश उसे कार से फेंककर नकदी और कार लेकर फरार हो गए।
कार में रखा मोबाइल भी बदमाश अपने साथ ले गए। सिर पर बट से वार से लहूलुहान अर्पित ने किसी तरह पुलिस को लूट की सूचना दी। पुलिस अफसरों ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही पीड़ित से भी घटना की जानकारी ली।
एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले ने बताया कि कुछ ही घंटों के अंतराल में लूट की दो घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। पीड़ित से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही लुटेरों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। दोनों मामलों के खुलासे में एएसपी के निर्देश में टीमें लगी हैं।