कोटद्वार: युवती के अपहरण पर हिंदू संगठनों का बवाल, दूसरे समुदाय के फड़-ठेली वालों पर बरसाए डंडे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाबर के कलालघाटी पुलिस चौकी क्षेत्र में युवती के अपहरण से गुस्साए हिंदू संगठनों के कुछ लोगों मंगलवार को कोटद्वार में गोखले मार्ग पर जमकर बवाल काटा। लाठी-डंडों से लैस इन लोगों ने धर्म विशेष से जुड़े फड़ और ठेली वालों के साथ जमकर मारपीट की और उनका सामान सड़क पर फेंक दिया।
करीब एक घंटे तक स्टेशन रोड से गोखले मार्ग तक अराजकता का माहौल रहा। ठेली और फड़वालों में दशहत बनी रही। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर मारपीट और बवाल काटने वाले लोग खड़े हुए। इसके बाद पीड़ित पक्ष के लोगों ने गोखले मार्ग और कोतवाली में जमकर हंगामा काटा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी जगतराम जोशी ने कोटद्वार में डेरा डाल दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर हिंदू संगठनों से जुड़े छह लोगों के खिलाफ संबधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
मंगलवार दोपहर करीब सवा बारह बजे स्टेशन रोड की ओर से कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर गोखले मार्ग पर ठेली और फड़ वालों से मारपीट कर उनका सामान सड़क पर फेंकने लगे। देखते ही देखते गोखले मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।
ठेली और फड़ वालों ने जब उनका सामान फेंकने का विरोध किया तो लोगों ने उन पर लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए। संप्रदाय विशेष से जुड़े दुकानदारों से मारपीट और तोड़फोड़ की खबर पूरे शहर में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग गोखले मार्ग और झंडाचौक पर एकत्र हो गए।
फ्रूट व्यापार संघ के नेता अहसान आलम ने बताया कि पुलिस के आने के बाद तोड़फोड़ और बवाल काटने वाले लोग भाग खड़े हुए। घटना से आक्रोशित फड़-ठेली और व्यापारी गोखले मार्ग से पैदल कोतवाली पहुंचे।
वहां इन लोगों ने बवाल और तोड़फोड़ करने वालों की गिरफ्तारी की मांग कोे लेकर जमकर हंगामा काटा। इसी बीच, कोतवाली पहुंचे एसएसपी जगतराम जोशी ने मामले के दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया।
पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि स्टेशन रोड से गोखले मार्ग तक लाठी-डंडों से लैस लोगों ने जमकर तोड़फोड़ करते हुए संप्रदाय विशेष के लोगों से मारपीट की। कहा कि वर्ष 2015 में भी लकड़ी पड़ाव में मारपीट की घटना के बाद अराजक तत्वों ने शहर की इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था।
एसएसपी जगतराम जोशी ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। पुलिस ने बताया कि हिंदू संगठनों से जुड़े छह लोगों के खिलाफ बलवा, तोड़फोड़, लूटपाट, मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने इस घटना को कलालघाटी चौकी क्षेत्र में एक युवती को भगाकर ले जाने के मामले में प्रतिक्रिया स्वरूप अंजाम दिया है। सूत्रों के अनुसार कलालघाटी मामले में गोखले मार्ग के कुछ ठेली वालों की कथित संलिप्तता की बात सामने आई है। कहा जा रहा है कि हिंदू संगठनों के लोग मंगलवार दिन में जब इन दुकानदारों से पूछताछ कर रहे थे तो उन्होंने उनके साथ अभद्रता की, जिससे वे भड़क उठे।