आठ साल की मासूम से रेप, मेडिकल में हुई पुष्टि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कोटद्वार में आठ साल की बच्ची के साथ हुए रेप का मामला सामने आया है। मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हो गई है। दुराचार करने वाला युवक अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। पुलिस ने उसकी तलाश में एसओजी की टीमें लगा दी हैं।
शनिवार को कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में आठ साल की बच्ची से उसके पड़ोसी 20 वर्षीय युवक द्वारा दुराचार का मामला सामने आया था। पीड़ित बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने पोक्सो सहित दुराचार की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
शनिवार शाम को ही पीड़ित का राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में मेडिकल कराया गया जिसमें दुराचार की पुष्टि हुई है।
रविवार को पुलिस ने आरोपी मंदीप के बड़े भाई को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। आरोपी के भाई ने बताया कि मंदीप वकालत की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन इन दिनों वह तहसील में किसी वकील के साथ काम कर रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने घर से भी कुछ तथ्य जुटाए हैं। घटना स्थल से कुछ सामान भी पुलिस ने सील कर दिया है। घटना की जांच कर रहे एसआई ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी अभी फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एक साल पहले उठा था पिता का साया
दुराचार पीड़ित बच्ची के सिर से एक साल पहले पिता का साया उठ गया था। पड़ोसियों ने बताया कि एक साल पहले बच्ची के पिता की बीमारी से मौत हो गई थी जिससे बच्ची और उसकी मां ही घर पर अकेले रहती हैं। मां सिलाई-बुनाई करके गुजारा करती है।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन
घटना के 24 घंटे बीतने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। नाबालिग से दुराचार करने वाले आरोपी युवक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिलाओं ने रविवार को कोतवाली में प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने चेतावनी दी की यदि पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को नहीं पकड़ती है तो वह आंदोलन करेंगे। महिलाओं का कहना था कि इस घटना से लोगों में दहशत है। हर कोई बच्चों के साथ 24 घंटे नहीं रह सकता। ऐसे लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाय।