घर में घुसकर दंपति को पीटने वाले तीन बदमाश धरे गए
दो हफ्ते पहले दून के त्यागी रोड पर कोठी खरीदने के बहाने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति को घायल करने वाले हथियारबंद बदमाशों में से तीन को पुलिस ने अंबर पैलेस के निकट घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश दोनों पर जबरन संपत्ति बेचने का दबाव बना रहे थे पर इसी बीच पड़ोसी महिला ने आकर उनका सारा खेल बिगाड़ दिया।
महिला के शोर मचाने पर बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए थे। वारदात में शामिल एक बदमाश अब भी फरार है। घटना में इस्तेमाल तमंचा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। सभी बदमाश बिजनौर के हैं।
बृहस्पतिवार को एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि बुजुर्ग अनिल गोयल और उनकी पत्नी मधू गोयल निवासी त्यागी रोड निवासी रेस्ट कैंप 22 फरवरी को दिन में ढाई बजे के करीब घर में थे। इसी बीच तीन युवक खुद को दिल्ली निवासी बताकर कोठी खरीदने की बात कहकर भीतर आए और अनिल गोयल को स्टोर में बंधक बना लिया, जबकि मधू को पीटा।
शोर होने पर तमंचा लहराते हुए हो गए थे फरार
एसपी सिटी के मुताबिक बदमाश दंपति को आतंकित करके जबरन कोठी बेचने का दबाव बना रहे थे, पर इसी बीच पड़ोसी महिला किरन शर्मा वहां पहुंची और उन्होंने शोर मचा दिया। इससे घबराए बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए थे।
बुजुर्ग दंपति ने कोतवाली नगर में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों बदमाशों की पहचान महकवीर पुत्र अभय सिंह निवासी ग्राम सुलतानपुर बिजनौर, बलजीत सिंह निवासी नकीबपुर थाना नहटौर बिजनौर तथा शुभम पुत्र सुरेन्द्र निवासी ग्राम बब्बनपुर चांदपुर बिजनौर के रूप में हुई। जबकि चौथा बदमाश अनिल चौहान फरार है।
पुलिस के सीओ सिटी मनोज कत्याल की अगुवाई में कोतवाली इंस्पेक्टर एसएस बिष्ट, उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र भट्ट, उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक राकेश शाह, एएसआई राजेश, कांस्टेबल अरुण, राजेश, विनोद, कांता प्रसाद आदि ने बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
हिस्ट्रीशीटर है महकबीर, दर्जन भर मुकदमे
पुलिस ने बताया कि महकवीर हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें हत्या, लूट, मारपीट आदि के मामले हैं। पुलिस के अनुसार महकवीर ने वर्ष 2012 में विकासनगर में एक बुजुर्ग की हत्या की थी।
शादी से पहले पहुंचा हवालात
शुभम के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। घर में मां बाप का इकलौता बेटा है। गांव में करीब 25 से 30 बीघा जमीन है। बीबीए करने के बाद मेरठ से एमबीए की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार अगले महीने इसकी शादी है। परिवार वालों ने शादी की पूरी तैयारियां कर ली है।
प्रॉपर्टी डीलर है निशाने पर
पुलिस ने बताया कि दंपति के करीबी एक प्रॉपर्टी डीलर है, जिसे पता था कि दंपति करीब तीन करोड़ में अपनी कोठी बेच रहा है। लेकिन डीलर इस कोठी को दो करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदना चाह रहा था। डीलर ने ही बदमाशों को दंपति के घर डराने-धमकाने के लिए भेजा था। इसके एवज में सात प्रतिशत कमीशन का लालच दिया था।