ग्लूकोज में जहर घोलकर अस्पताल में मरीज की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी दून के एक अस्पताल में मरीज की देखरेख में लगे रिश्तेदारों द्वारा ग्लूकोज में जहर घोलकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेम सुख अस्पताल में भर्ती युवक को तीमारदारी में लगे परिजनों ने ही ग्लूकोज में जहर मिलाकर मार डाला।
मौके से मिली जहर की शीशी देख कर डॉक्टर ने सीसीटीवी फुटेज चेक कराई। इसमें नजर आ रहा है कि तीमारदारों में से एक ने पहले लाइट बुझाई फिर सीरिंज के जरिए मरीज की ग्लूकोज बोतल में तरल पदार्थ मिला दिया। थोड़ी देर तड़पने के बाद मरीज की मौत हो गई।
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी तीनों तीमारदारों के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
एसओ कोतवाली एसएस बिष्ट के अनुसार ईश नगर बस्ती निवासी रोहित (22) नगर निगम में स्थाई सफाई कर्मी था। 21 मार्च को उसकी शादी होनी थी।
इससे पहले 20 मार्च की रात अचानक तबियत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे प्रेम सुख अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने इसे पेट में जहर का मामला बताया।
कहना मुश्किल था कि उसे जहर दिया गया या पेट में खाना सड़ने से जहर बना। अस्पताल में रोहित की सेहत सुधर रही थी। एक-दो दिन में उसे छुट्टी मिल जाती। लेकिन अचानक उसकी मौत हो गई।
लाइट बुझाकर डाला जहर, सीसीटीवी में खुलासा
पुलिस ने मौके से मिले सुबूत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है। एहतियातन पीएसी तैनात की गई है।
अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के मुताबिक रोहित की देखभाल के लिए उसके फूफा मुकेश, मामा विक्की और जीजा प्रवीण 26 मार्च की रात अस्पताल में रुके।
देर रात अस्पताल का स्टाफ रिसेप्शन पर था, इसी बीच तीनों में एक ने कुर्सी से उठकर लाइट बुझा दी। करीब 15 मिनट बाद कम रोशनी के बीच सीरिंज से रोहित की ग्लूकोज बोतल में कोई पदार्थ डाल दिया। फिर बाहर से पोछा लाकर सीरिंज से गिरे पदार्थ को साफ कर दिया। इतने में बेड पर पड़ा रोहित छटपटाने लगा।
देखते ही देखते उसका शरीर ठंडा पड़ गया। इसके बाद तीमारदारों ने अस्पताल कर्मचारियों को बुलाया। सूचना पर पहुंचे डाक्टर ने रोहित की जांच की तो वह मर चुका था। डाक्टर को मौके से जहरीले पदार्थ की शीशी मिली है। डाक्टर ने शीशी, ग्लूकोज बोतल पुलिस को दे दी है।
एक बार हुए असफल, दोबारा दिया अंजाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी से एक दिन पहले आरोपी रिश्तेदारों ने ही रोहित को शराब पिलाई। इसके बाद उसकी तबियत खराब हुई। पुलिस को आशंका है कि आरोपितों ने पहले भी उसे जहर देकर मारने की कोशिश की थी। असफल होने के बाद अस्पताल लाकर दोबारा जहर दिया।
पिता की भी संदिग्ध हालात में मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक रोहित के सफाई कर्मी पिता की मौत भी कुछ साल पहले ऐसे ही संदिग्ध हालात में हुई थी। रात को स्वस्थ दिखने के बाद सुबह वह घर में मृत मिले थे। तब पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी।
मामले में इन्हीं आरोपी रिश्तेदारों के नाम सामने आए थे। लोगों का आरोप है कि रोहित के रिश्तेदार हत्या कर ईश नगर बस्ती स्थित उसका घर कब्जाना चाहते हैं। मकान की कीमत करीब 25 लाख है। इसी लालच में उसकी हत्या की गई है। घर में रोहित की मां और दो छोटे भाई हैं।