{"_id":"d00fcfe80b26bf8fbb937c601921114b","slug":"man-thrown-his-wife-in-ganga","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रेमिका के लिए पत्नी और बेटी को गंगा में फेंका","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
प्रेमिका के लिए पत्नी और बेटी को गंगा में फेंका
अमर उजाला, हरिद्वार
Updated Sun, 19 Jan 2014 07:07 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहकर्मी की पत्नी के प्रेम में अंधे बिहार के युवक ने प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी और दुधमुंही बेटी को घुमाने लाने के बहाने गंगा में धक्का दे दिया। घटना बीते शुक्रवार रात की है।
विज्ञापन
मां बेटी का नहीं पता
मृतका के चचेरे भाई की सूझबूझ से 18 जनवरी को आरोपी प्रेमी युगल पकड़ा गया। आरोपी युवक फरीदाबाद (हरियाणा) में एक फैक्ट्री में काम करता है। गंगा में फेंकी गई मां-बेटी का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
विज्ञापन
घूमने के बहाने आया था
नगर कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मूल रूप से बिहार के पचौहिया नबादा और हाल में गोचीपुर, सरूरपुर फरीदाबाद, हरियाणा निवासी संजीव शर्मा पुत्र बिंदेश्वर शर्मा 15 जनवरी को अपनी पत्नी रिंकू (25), बेटी सिमरन (साढे़ तीन वर्ष), श्रुति (एक वर्ष), प्रेमिका और उसकी बेटी के साथ हरिद्वार घूमने के बहाने आया था।
विज्ञापन
ये सब हरकी पैड़ी क्षेत्र में दो दिन दो अलग-अलग होटलों में ठहरे थे। शुक्रवार की देर रात संजीव ने पत्नी को खाने में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी। इसके बाद करीब ढाई बजे अचेतावस्था में पत्नी और बेटी श्रुति को शिव पुल पर ले जाकर गंगा में फेंक दिया।
साले से बोला बह गई बीबी
शनिवार की सुबह प्रेमिका, उसकी बेटी और अपनी दूसरी बेटी सिमरन को लेकर आरोपी वापस दिल्ली चला गया। जाने से पहले उसने बिहार के ठाकुरबीधा, गया निवासी अपने साले कल्लू को फोन पर पत्नी और बेटी के गंगा में बह जाने की सूचना दी।
साले को हुआ शक
घटना सुनकर अवाक रह गए कल्लू ने दिल्ली के सुल्तानपुरी, महरौली में रह रहे अपने चचेरे भाई राजेश शर्मा को वाकया बताया। जिस पर राजेश ने संजीव से संपर्क साधा। संजीव उस समय आईएसबीटी दिल्ली पहुंच गया था।
वहीं पहुंचे राजेश ने संजीव के साथ महिला को देखा तो शक होने पर वह उन सभी को लेकर शनिवार की शाम वापस हरिद्वार आ गया।
बार-बार बदलता रहा बयान
संजीव के बार-बार बयान बदलने पर उसका संदेह और पुख्ता हो गया। जिस पर उसने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली लाकर अलग-अलग की गई पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ।
चचेरे भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने प्रेमी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार महिला का मायका लखीमपुर खीरी में और ससुराल शाहजहांपुर, यूपी में है।
पति पर था संदेह
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गंगा में फेंकी गई रिंकू को अपने पति के प्रेम संबंध को लेकर संदेह हो गया था। पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी को यहां लाकर मारने का प्लान एक सप्ताह पहले बना लिया था।
दुधमुंही बच्ची को इसलिए गंगा में फेंका क्योंकि प्रेमिका ने उसकी देखभाल करने से इंकार कर दिया था। अभी तक मां-बेटी का कुछ पता नहीं चल पाया है।