थामा प्यार का हाथ तो जानी दुश्मन बन गए घरवाले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी करने पर एक प्रेमी जोड़े को अब युवती के परिजनों से ही जान का खतरा सता रहा है। प्रेमी युगल ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई।
याचिका पर सुनवाई करते हुए नैनीताल हाईकोर्ट ने दोनों को सुरक्षा देने के आदेश हरिद्वार पुलिस को दिए। सोमवार को हाईकोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस कोतवाली से दोनों को सुरक्षा दे दी।
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र के एक गांव का युवक सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किराये पर रहता है। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र की एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की जाति एक होने के बावजूद उनकी शादी में परिवार दीवार बनकर खड़ा हो गया।
मर्जी के खिलाफ की शादी तो परिजन बने जान के दुश्मन
आखिरकार उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी कर ली। यवती के परिजन दोनों की जान के दुश्मन बन गए। युगल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर पुलिस सुरक्षा मांगी। कोर्ट ने तत्काल दोनों को पुलिस सुरक्षा देने के आदेश दिए।
सोमवार को कोर्ट का आदेश लेकर प्रेमी जोड़ा और उनके परिचित सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे। हल्का उपनिरीक्षक अजय कुमार ने हाईकोर्ट के आदेश समेत उनके घर का ठिकाना मालूम किया। कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों को सुरक्षा दे दी।
कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रेमी जोड़े ने युवती के परिजनों से खतरा जताया था। जिस पर कोर्ट ने सुरक्षा के आदेश दिए थे। हाईकोर्ट के आदेश पर गांव में दोनों को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है।