खिलौना पिस्टल दिखाकर लुटेरों ने लूटा पेट्रोल पंप
देहरादून में देर रात तीन बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप से खिलौना पिस्टल के बल पर हजारों रुपए उड़ाए और फरार हो गए।
घटना सोमवार देर रात करीब 11 बजे की है, जहां बदमाश खिलौना पिस्टल दिखाकर पेट्रोल पंप से 50 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। तीन थानों की पुलिस देर रात तक बदमाशों की तलाश में जुटी रही, लेकिन उनकी परछाई तक भी नहीं पहुंच पाई। देर रात पुलिस के हाथ मौके से एक खिलौना पिस्टल लगी है।
माना जा रहा कि बदमाशों ने वारदात में खिलौना पिस्तौल का इस्तेमाल किया है। वहीं, पुलिस दोनों पेट्रोल पंप कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। शिमला बाईपास से विकासनगर की तरफ जाने वाले हाईवे पर बड़ोवाला के पास है बालाजी पेट्रोल पंप है।
सोमवार देर रात करीब 11 बजे वैगनआर में सवाल तीन बदमाश बालाजी पेट्रोल पंप पर आए। उस दौरान पेट्रोल पंप के कर्मचारी प्रीतम सिंह और विश्वनाथ दफ्तर में बैठे थे। बदमाशों ने इन्हें तेल डलवाने के बहाने बाहर बुलाया। जब दोनों बाहर आए तो तीनों बदमाशों ने इनकी पिटाई शुरू कर दी।
मामला लगता है संदिग्ध
विरोध करने पर बदमाशों ने इनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। धमकाया कि जो भी तुम्हारे पास है दे दो नहीं तो गोली मार देंगे। पेट्रोल पंप कर्मचारी प्रीतम सिंह की जेब में 50 हजार रुपए रखे थे, जिसे बदमाशों ने छीन लिया और फरार हो गए।
बदमाशों के भागते समय पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने कई पत्थर मारे, जिससे बदमाशों की कार का पीछे का शीशा टूट गया है। एसपी सिटी अजय सिंह का कहना है कि टूटे शीशे वाली कार के बारे में बताने वाले को इनाम दिया जाएगा।
वहीं, पेट्रोल पंप के दफ्तर की अलमारी में रखे एक लाख रुपए बच गए। देर रात पटेलनगर, प्रेमनगर बसंत विहार थानों की पुलिस से गहन तलाश अभियान चलवाया गया लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। एसएसपी का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
देर रात तीन बदमाशों से पेट्रोल पंप कर्मचारी से 50 हजार रुपए की वारदात पहली नजर में संदिग्ध लगती है। मसलन, पेट्रोल पंप के कर्मचारी इतनी रात को जेब में पैसे क्यों रखे थे?
यदि बदमाश हथियार के साथ आए थे तो वह दफ्तर की अलमारी में रखे पैसे भी ले जाते लेकिन क्यों नहीं ले गए? वारदात रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है जबकि पुलिस को इसकी सूचना रात 12 बजे के करीब होती है। करीब एक घंटे तक सूचना को पुलिस से क्यों छिपाया गया? पुलिस भी मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है।