हरिद्वार पहुंचे दिल्ली के एक परिवार से मारपीट, महिलाओं को भी नहीं छोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में अपर रोड पर दिल्ली के युवक के रिक्शा से टक्कर होने के बाद रिक्शा चालक के समर्थन में उतरे व्यापारी वर्ग ने यात्री परिवार के साथ सरेराह मारपीट कर दी। यात्री परिवार की महिलाओं को भी नहीं बख्शा। जैसे तैसे बचकर निकले दिल्ली के यात्री परिवार की पुलिस ने भी नहीं सुनी।
घटना मंसा देवी रोपवे मार्ग के मोड़ के पास की है। दिल्ली के खानपुर क्षेत्र के रहने वाले राकेश शर्मा अपने परिवार एवं रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार आए थे। वे दोपहर को अपर रोड से वापस होटल लौट रहे थे तभी एक रिक्शा चालक ने उनके बेटे दीपक को टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने से उनका पुत्र घायल हो गया।
पुलिस ने नहीं लिखी शिकायत
आरोप है कि जब रिक्शा चालक को उन्होंने पकड़ा तब उसके समर्थन में आए आसपास के दुकानदारों ने उल्टा उन्हीं के ही साथ मारपीट कर दी। यात्री परिवार की महिलाओं से भी धक्कामुक्की की गई। यात्री परिवार जैसे तैसे निकलकर जिला अस्पताल पहुंचा। घायल दीपक का इलाज कराने के बाद वे हरिद्वार कोतवाली पहुंचे।
कोतवाली कैंपस में भी वे करीब आधा घंटे यहां वहां भटकते रहे लेकिन उनकी फरियाद किसी ने नहीं सुनी। अंत में यात्री परिवार बिना शिकायत किए ही वापस लौट गया। उधर, गुजरात के सूरत से आए यात्री परिवार से भी कंबल कारोबारी ने अभद्रता कर दी। यात्री परिवार की शिकायत पर पुलिस कंबल कारोबारी को कोतवाली ले आई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।