सहेली ने विधवा महिला को डेढ़ लाख में बेचा, किसी तरह भागकर पहुंची और बताई दर्दनाक सच्चाई
हरिद्वार की एक कंपनी में काम करने वाली विधवा महिला को सहेली द्वारा अपने पति के साथ मिलकर हरियाणा के होमगार्ड को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया।
पीड़िता को हरियाणा में चार दिन तक बंधक बनाकर दुराचार करने का मामला प्रकाश में आया है। किसी तरह होमगार्ड के चंगुल से निकलकर भागी महिला ने हरिद्वार पुलिस से मामले की शिकायत की।
आरोप है कि पुलिस ने दोबारा फिर से महिला को होमगार्ड के साथ भेज दिया। इस दौरान महिला रुड़की की एक भाजपा नेत्री के संपर्क में आई तो उसकी जान बच पाई। भाजपा नेत्री ने मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी।
डेढ़ साल पूर्व हुई पति की मौत
यूपी के सहारनपुर के देवबंद निवासी एक महिला की डेढ़ साल पूर्व पति की मौत हो गई थी। ससुराल वालों ने महिला व उसके चार साल के बेटे को घर से बाहर निकाल दिया था।
महिला तभी से हरिद्वार में किराए के कमरे पर रहकर वहीं एक कंपनी में नौकरी करने लगी। इस बीच कंपनी उसकी हरियाणा की रहने वाली एक महिला से दोस्ती हो गई। आरोप है कि महिला ने उसे अपने झांसे में लेकर हरियाणा पुलिस में तैनात एक सिपाही से शादी करने की बात कही। साथ ही कहा कि वह उसे और बेटे को बहुत खुश रखेगा।
उसकी बातों में आकर महिला ने करीब एक सप्ताह पूर्व हरिद्वार के एक मंदिर में शादी कर ली। आरोप है कि पति उसके बेटे को हरिद्वार में छोड़कर उसे अपने साथ हरियाणा के भिवाड़ी स्थित रोहतक बीट बैंक कॉलोनी एक मकान में ले गया।
चार दिन तक बंधक बनाकर दुराचार
आरोप है कि उसने बेटे को लेकर आने की जिद की तो उसने इंकार कर दिया और उसे डेढ़ लाख रुपये में खरीदने की बात कही। साथ ही बताया कि वह हरियाणा पुलिस में सिपाही नहीं बल्कि होमगार्ड है। आरोप है कि महिला ने हरिद्वार वापस जाने की जिद की तो उसके साथ मारपीट करते हुए चार दिन तक बंधक बनाकर दुराचार किया।
इस बीच मौका पाकर महिला वहां से भागकर बुधवार को हरिद्वार पहुंची और रानीपुर कोतवाली पुलिस को जानकारी देते हुए तहरीर दी। इस बीच होमगार्ड भी हरियाणा से हरिद्वार आ पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और उसके मना करने के बाद भी होमगार्ड के साथ भेज दिया।
इस बीच महिला रुड़की निवासी भाजपा नेत्री राखी चंद्रा के हरिद्वार निवासी अधिवक्ता के संपर्क में आई। गुरुवार को अधिवक्ता उसे रुड़की भाजपा नेत्री के पास लेकर पहुंचे। यहां महिला ने भाजपा नेत्री को आपबीत सुनाई। भाजपा नेत्री ने पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। उधर, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।