शिक्षिका ने की फेसबुक पर दो विदेशी युवकों से दोस्ती, इसके बाद जो हुआ अब पीट रही माथा
दो विदेशी नागरिकों ने रुड़की की एक सेवानिवृत्त महिला शिक्षिका से फेसबुक पर दोस्ती की। कई दिनों से लंबी बातचीत होने पर एक विदेशी ने महिला को शादी का झांसा देकर कई किश्तों में अलग-अलग बैंक खाते में 31 लाख रुपये डलवा लिए।
महिला की ओर से शादी का दबाव बनाने पर दोनों विदेशियों ने अपना-अपना फेसबुक एकाउंट बंद कर दिया। ठगी की शिकार महिला ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शहर की एक सेवानिवृत्त महिला शिक्षिका की कुछ माह पूर्व फेसबुक पर विदेशी नागरिक विलियम से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों की फेसबुक पर रोजाना लंबी-लंबी बातें होने लगी। इसी बीच विदेशी नागरिक ने महिला की अपने एक दोस्त होकोलुक से दोस्ती करवाई।
अलग-अलग खाते में कई बार रुपये डलवाए
दोनों नागरिकों ने महिला को विदेश में घुमाने की बात कही। साथ ही विलियम ने महिला से प्यार का इजहार करते हुए उसके सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। सेवानिवृत्त शिक्षिका ने उसे स्वीकार कर लिया।
उसके बाद महिला से अलग-अलग खाते में कई बार रुपये डलवाए। करीब 31 लाख रुपये अलग-अलग खाते में डालने के बाद महिला ने विलियम पर शादी करने का दबाव बनाया। इस पर विदेशी नागरिक ने जल्द शादी करने का भरोसा दिया।
उसके बाद दोनों विदेशी नागरिकों ने अपना-अपना फेसबुक एकाउंट बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर महिला ने मंगलवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंच तहरीर दी। सीओ चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।