हरिद्वार: कोर्ट परिसर में पुलिस और कैदियों में चले लात-घूंसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार जिले के रोशनाबाद कोर्ट परिसर में परिजनों से बात करने से मना करने पर गुस्साए कैदी पुलिस से ही भिड़ गए। पुलिस वैन में कैदियों और पुलिसकर्मियों में जमकर लात-घूंसे चले। एक कैदी ने पुलिसकर्मी का मुंह भी नोच डाला।
आनन-फानन में पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति पर जैसे-तैसे काबू पाया। पीड़ित पुलिस कर्मी तरुण की ओर से चारों कैदियों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी कैदियों में दो मंगलौर, तीसरा लक्सर और चौथा मुजफ्फरनगर का रहने वाला है।
रोजाना की भांति शुक्रवार को भी रुड़की जेल से कैदियों को पुलिस वैन में रोशनाबाद कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। कैंपस में खड़ी वैन के इर्द-गिर्द कई कैदियों के परिजन जमा हो गए। कुछ कैदियों के परिजन बातचीत करने लगे तो कांस्टेबल तरुण एवं प्रदीप ने उन्हें टोक दिया। इससे कैदी भड़क गए और मौके पर हो-हल्ला कर दिया।
पुलिस वैन में ही चलने लगे लात-घूंसे
अन्य पुलिसवाले उन्हें समझाने का प्रयास करने लगे तो कैदी उनसे ही उलझ गए। देखते ही देखते पुलिस वैन में लात घूंसे शुरू हो गए। एक कैदी ने कांस्टेबल तरुण का मुंह नोच दिया। सूचना पर पुलिस प्रशासन में अफरातफरी मच गई। आननफानन में एसओ सिडकुल ऋतुराज सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों को वैन से जैसे-तैसे बाहर निकाला।
एसओ ने कैदियों को चेतावनी देकर शांत कराया। कांस्टेबल तरुण का मेडिकल कराया गया है। पुलिस से मारपीट करने का आरोप कैदी बलजौर (पुत्र अजब सिंह निवासी टिकोला कलां, मंगलौर), रणवीर (पुत्र बाबू निवासी ढांढेकी, लक्सर), टोनू (पुत्र मेनपाल निवासी मुंडलाना, मंगलौर) एवं परवेज (पुत्र इस्माइल निवासी खुर्द बाजार पुरकाजी, मुजफ्फरनगर) पर है। कैदी बलजौर हत्या एवं हत्या के प्रयास और अन्य तीनों कैदी गैंगस्टर एक्ट में जेल में बंद है।