अर्थशास्त्र के विभागाध्यक्ष ने की आत्महत्या, सीढ़ी से लटका मिला शव
राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के विभागाध्यक्ष ने जोध सिंह नेगी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रोफेसर का शव घर के अंदर सीढ़ी से लटका पाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला का आत्महत्या का लग रहा है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत सिताबपुर, देवी रोड कोटद्वार निवासी जोध सिंह नेगी (53) राजकीय महाविद्यालय में अर्थशास्त्र के विभागाध्यक्ष के पद पर थे। वे कोटद्वार में अपने घर में अकेले रह रह थे। उनकी पत्नी जीआईसी जोशीमठ में तैनात हैं जबकि दोनों बच्चे बाहर रहते हैं। शनिवार सुबह 9 बजे जब काम करने वाली घर पहुंची तो दरवाजा खुला था।
चुन्नी से लटकी हुई थी प्रोफेसर की बॉडी
घर के अंदर घुसी तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। अंदर सीढ़ी की रेलिंग पर प्रोफेसर का शव चुन्नी से लटका हुआ था। नौकरानी ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। उनके पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा। प्रोफेसर घर में अकेले रहते थे। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।