{"_id":"a84ffcb14c4d3dbc07e19bf8457e293c","slug":"criminal-hide-in-up-jail-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"उत्तराखंड पुलिस के बचने को यूपी की जेल में छुपे हत्यारे!","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
उत्तराखंड पुलिस के बचने को यूपी की जेल में छुपे हत्यारे!
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
Updated Thu, 13 Aug 2015 12:27 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केयर टेकर राव शफी मोहम्मद के हत्यारोपी जेल में तो नहीं पहुंच गए? यूपी के सहारनपुर जिले में तमंचे के साथ जेल गए दो युवकों के ईद-गिर्द दून पुलिस की जांच सिमट जाने से कम से कम यही संकेत मिल रहे हैं।
विज्ञापन
चर्चा है कि उत्तराखंड पुलिस से बचने के लिए दोनों सेटिंग के जरिए जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए। दिन भर पुलिस उनसे जुड़ी कुंडली खंगालकर कड़ियों को जोड़ने में जुटी रही।
विज्ञापन
कत्ल कर दिए गए बुजुर्ग शफी मोहम्मद का टर्नर रोड के साथ कई अन्य जमीनों से जुड़ाव रहा। ऐसे में पुलिस के सामने मोटिव को ढूंढकर हत्यारों तक पहुंचने की किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। सोमवार रात एक आरोपी से पूछताछ के दौरान शक गहरा गया था। पुलिस को लगा था कि राज उसके सीने में दफन है।
विज्ञापन
पुलिस ने सख्ती भी बढ़ाई थी, लेकिन इसी बीच अपने तंत्र से दो युवकों की संलिप्तता की जानकारी ने पुलिस जांच को दूसरा मोड़ दे दिया था। पुलिस सूत्रों की माने तो पड़ोसी सहारनपुर जिले के एक थाने से दो युवक तमंचे में जेल चले गए। चर्चा यह है कि हत्या में उनके तार जुडे़ हैं।
देहरादून पुलिस द्वारा जमीन से जुडे़ मामलों को खंगालने के बाद उन्हें लगा था कि देर-सवेर कानून के हाथ उन तक पहुंच जाएंगे। दून पुलिस से बचने के लिए वह सेटिंग के जरिए जेल चले गए। सूत्रों की मानें तो उन्होंने किसी के सामने कबूलनामा भी किया था, लेकिन यूपी पुलिस इस तरह की बात से अनभिज्ञता जता रही है।
पुलिस बुधवार को दिन भर सहारनपुर जिले में अपने स्तर से जांच पड़ताल में जुटी रही। सूत्रों का कहना है कि जेल गए दोनों युवकों का भी एक जमीन से जुड़ाव रहा है। पुलिस को अभी किसी और की तलाश है, क्योंकि अभी दिखाने के लिए पुलिस के पास कुछ नहीं है।
एसपी सिटी अजय सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह मीणा के निर्देशन में इंस्पेक्टर पटेलनगर पंकज गैरोला, एसओ क्लेमेंटटाउन शशिभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व वाली टीम कार्रवाई में जुटी रही। अब इस बात की जांच पड़ताल चल रही है कि इस साजिश में उनके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे। हालांकि तमंचे में जेल जाने वाले लोग नामजद नहीं हैं। शफी के बेटे ने पांच अन्य लोगों को नामजद करा रखा है।
शफी की हत्या की तस्वीर कुछ हद तक साफ तो हुई, लेकिन पुलिस किसी तरह की जल्दबाजी के मूड में नहीं है। पूरी तसल्ली के बाद केस का खुलासा किया जाएगा। टर्नर रोड के साथ दूसरे जमीन के विवाद से जुड़े लोगों को खंगाला जा रहा है। हत्यारोपी पुलिस से ज्यादा दूर नहीं हैं।
- पुष्पक ज्योति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
सांठगांठ से तो नहीं गए जेल
तमंचे में जेल जाने के बाद सहारनपुर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस तरह की संभावनाएं लग रही हैं। सहारनपुर के पुलिस अधिकारियों से यह आशंका जाहिर भी कर दी गई है। सूत्रों का कहना है कि गोपनीय रूप से इसकी जांच पड़ताल भी शुरू हो गई है। ऐसे में पुलिस पर कार्रवाई का चाबुक भी चल सकता है।
चार दबोचे, देर रात तक पूछताछ
बुजुर्ग शफी मोहम्मद हत्याकांड में छापेमारी में पुलिस ने चार और लोगों को हिरासत में लिया है। देर रात तक उनसे पूछताछ होती रही। एसपी सिटी अजय सिंह पुलिस टीम के साथ उनसे पूछताछ करते रहे। बृहस्पतिवार को पुलिस इस मामले में निर्णायक स्थिति में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।