रुड़की: फूड लाइसेंस की आड़ में बनाते थे नकली दवा, 13 पेटी प्रतिबंधित दवाएं जब्त, तीन गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश की औषधि नियंत्रण टीम के बाद अब उत्तराखंड की औषधि नियंत्रण टीम ने नारकोटिक्स टीम के साथ नकली दवा बनाने वाले तीन लोगों केे गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 13 पेटी प्रतिबंधित दवाएं और सिरप भी बरामद हुई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई साल से इस धंधे में लिप्त हैं। काफी दिनों से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की औषधि नियंत्रण टीम इसकी तलाश में थी। टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया है।
आठ सितंबर को उत्तर प्रदेश की औषधि नियंत्रण की टीम ने रुड़की में नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी थी। इसके बाद हरिद्वार के औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, पौड़ी गढ़वाल के औषधि निरीक्षक सुधीर कुमार ने नारकोटिक्स सेल के सुनील कुमार और देशराज के साथ नकली दवा बनाने वालों को पकड़ने की योजना पर काम शुरू किया था।
टीम इसके लिए एक सप्ताह से काम में लगी थी। आखिरकार टीम को बृहस्पतिवार को सफलता मिली। औषधि नियंत्रण और नारकोटिक्स की संयुक्त टीम ने जाल बिछाकर एक युवक को 7500 रुपये देकर दवा खरीदने के लिए लगाया था। इसी के तहत नकली दवाएं बनाने वाला लीडर एक साथी के साथ तीन पेटी नकली कफ सिरप लेकर दिल्ली हाईवे पर ग्रीन होटल के पास पहुंच गया। टीम की ओर से लगाया गया युवक भी दवा लेने मौके पर पहुंचा और उनके बीच डील होने लगी।
लाइसेंस फूड प्रोडक्ट का, बना रहे थे अंग्रेजी दवा
इसके बाद नकली दवा बनाने वाले ने तीन पेटी कफ सिरप दे दिया। इसी दौरान टीम ने दवा की डिलिवरी करने आए जावेद और महेश को पकड़ लिया। साथ ही टीम की ओर से दी गई रकम भी वापस ले ली। कार्रवाई की खबर लगते ही क्षेत्र में नकली दवा का कारोबार करने वालों में खलबली मच गई। पूछताछ के बाद टीम ने तीसरे आरोपी विपिन कुमार को भी पकड़ लिया गया और तीनों को सिविल लाइंस कोतवाली में लाया गया।
औषधि निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि जावेद मोहम्मदपुर मोहनपुरा रुड़की का रहने वाला है। उसके पास फूड प्रोडक्ट बनाने का लाइसेंस है, जिसकी आड़ में वह नकली दवा का कारोबार करता है। जबकि विपिन कुमार मोहम्मदपुर जट रुड़की और तीसरा आरोपी महेश सैनी डाडा पट्टी भगवानपुर का रहने वाला है। तीनों को खिलाफ सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
लाइसेंस फूड प्रोडक्ट का, बना रहे थे अंग्रेजी दवा
औषधि निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर मोहनपुरा जावेद के पास फूड प्रोडक्ट बनाने का लाइसेंस है। इसी की आड़ में वह नकली और प्रतिबंधित कोडिन कफ सिरप बनाकर मेडिकल स्टोरों पर सप्लाई करता है।
शहर के मेडिकल स्टोरों में अब भी पड़ी हैं नकली दवाएं
औषधि नियंत्रण विभाग की पूछताछ में नकली दवाई बनाने वालों ने कई मेडिकल स्टोरों में नकली दवाओं की सप्लाई की बात स्वीकारी है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शहर के कुछ मेडिकल स्टोरों में नकली दवाइयां पड़ी होंगी।
मेडिकल स्टोरों की सूची तैयार, होगी कार्रवाई
औषधि निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में जावेद ने नकली दवाएं बनाकर शहर और आसपास के मेडिकल स्टोरों पर बेचने की बात स्वीकारी है। उसने उन मेडिकल स्टोरों के नाम भी बताएं हैं, जहां नकली दवाओं की सप्लाई करता था। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवार मेडिकल स्टोरों की सूची बनाई गई है। अब उन मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा जाएगा। दोषी मेडिकल स्टोर मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।