बकाएदारी से बचने को व्यापारी की हत्या, टॉयलेट टैंक में डाल दी लाश
- छह दिन से लापता व्यापारी का शव मिला
- हत्या के बाद शौचालय के टैंक में छिपाया गया था शव
- पुलिस ने हत्यारोपियों से खुदवाया शौचालय का टैंक
- तीन जुलाई की रात ही कर दी गई थी व्यापारी की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छह दिन से लापता खटीमा के व्यापारी का शव पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार एक करोड़ की देनदारी से बचने के लिए व्यापारी की हत्या की गई। हत्यारों ने शव को घर के आगे बने शौचालय टैंक में छिपाने के बाद ऊपर से सीमेंट का प्लास्टर कर दिया था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर हत्या के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए पूरे जिले से पुलिस की टीम यहां बुलाई थी। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए शुक्रवार को महिलाओं ने ढाई घंटे एनएच पर जाम भी लगाया था।
चूना भट्ठा बनबसा चंपावत निवासी सूरज चंद (42) पुत्र भानी चंद यहां आदर्श कॉलोनी में रहता था। उसका ब्याज पर रुपये उधार लेने-देने का काम था। तीन जुलाई की सुबह साढ़े नौ बजे बनबसा जाने की बात कहकर वह घर से निकला था और उसी दिन से गायब था। पुलिस तभी से सूरज की तलाश में जुटी थी।
टायलेट टैंक से निकाली लाश, बंधे थे हाथ-पैर
शुक्रवार शाम उसका शव अंजनिया गांव में सुरेश राणा के घर के आंगन में बने शौचालय के टैंक से बरामद हुआ। पुलिस ने सूरज की हत्या के आरोप में ललित ज्याला निवासी नौगवांनाथ, सुरेश राणा निवासी अंजनिया, ईश्वर खनका निवासी छिनकी और पप्पू राणा निवासी अंजनिया को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने तीन जुलाई को ही शाम चार बजे बिगराबाग के आसपास सूरज को अपहृत कर लिया था। उसके हाथ-पैर बांधकर कार में डालने के बाद आरोपी उसे कई जगह लेकर घूमते रहे। इस दौरान आरोपियों ने शाम चार बजे बिरिया मझोला निवासी सूरज के साले को सूरज से ही फोन करवाया और 15 लाख रुपये ललित ज्याला और दिनेश से लाकर उसे (सूरज) देने की बात कही और जिस स्कूटी से सूरज घर से निकला था, उसे इस्लामनगर में छुड़वाया दिया।
रात आठ बजे फिर सूरज को उसकी पत्नी से फोन करने को कहा गया। जिसमें उससे आज घर न आने की बात कहलवाई गई। इसके बाद गला दबाकर आरोपियों ने सूरज की हत्या कर दी और उसका शव सुरेश राणा के आंगन में बने शौचालय के टैंक में डाल दिया। पुलिस ने शुक्रवार शाम आरोपियों की निशानदेही पर परगना मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह की मौजूदगी में हत्यारोपियों से ही खुदवा कर शव बाहर निकाला। सूरज का शव बेहद खराब हालत में था और हाथ-पांव बंधे थे।
बयानों के क्रॉस मैच में टूट गए आरोपी
इससे पूर्व एएसपी पंकज भट्ट ने हत्याकांड का खुलासा शनिवार को करने की बात कही थी। इसके लिए एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले ने रुद्रपुर के कोतवाल जेसी पाठक को जिम्मेदारी सौंपी। कोतवाल पाठक के आने से पहले व्यापारी के लापता होने की जांच हत्यारोपियों द्वारा बिछाए जाल की तरफ ही जा रही थी।
पुलिस स्कूटी मिलने की जगह, मोबाइल की लोकेशन के अनुसार ही आगे जांच कर रही थी। एसएसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को रुद्रपुर के कोतवाल जेसी पाठक को खटीमा भेजा गया तो जांच का रुख बदल गया। पाठक ने गौटिया गांव के संदिग्धों को उनके बयानों के आधार पर शक के दायरे से बाहर कर दिया।
बयानों को क्रॉस मैच करने में सबसे पहले ईश्वर खनका टूटा, फिर ललित ज्याला, सुरेश राणा, पप्पू राणा ने पूरी कहानी बयान कर दी। कोतवाल पाठक ने बताया कि एक करोड़ की देनदारी के लिए व्यापारी सूरज चंद की हत्या की गयी।