कोरोना का नया वैरिएंट: हरिद्वार में बिना कोविड सर्टिफिकेट नो एंट्री, नैनीताल के प्रवेश द्वारों पर होगी पर्यटकों की जांच
विभिन्न ट्रेनों से हरिद्वार पहुंचने वाले बाहरी राज्यों के यात्रियों को रेलवे स्टेशन कोविड संबंधी पूछताछ और जांच के लिए रोका जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के नए वैरिएंट के बढ़ते खतरे को लेकर स्वास्थ्य महकमा हरिद्वार में पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। रेलवे स्टेशन पर बाहरी यात्रियों को लेकर विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। बिना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट और कोरोना जांच के किसी भी यात्री को शहर में प्रवेश की इजाजत नहीं दी जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग ने कोर डायग्नोस्टिक को यात्रियों की कोविड जांच का जिम्मा सौंपा है। 17 कर्मचारी स्टेशन पर तैनात हैं। स्टेशन पर कोरोना जांच के लिए एक सेंटर स्थापित है। जिन यात्रियों के पास डबल डोज के वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट नहीं है, उनका एंटीजन टेस्ट किया जा रहा है।
उत्तराखंड में कोरोना: मंगलवार को 28 नए संक्रमित मिले, बढ़कर 141 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
कोर डायग्नोस्टिक के जांच प्रभारी सचिन शिवान के मुताबिक रोजाना करीब 600 यात्रियों की रैपिड एंटीजन टेस्ट स्टेशन पर किया जा रहा है। हालांकि, पिछले तीन दिनों में अभी तक कोई भी यात्री संक्रमित नहीं मिला है। बावजूद, कोई संक्रमित मिलता है, तो उसके लिए मेला अस्पताल में कोविड सेंटर बनाया गया है। संक्रमित व्यक्ति को एंबुलेंस से कोविड सेंटर भेजने की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग ने की है।
पुलिस कर्मियों की नहीं तैनाती
विभिन्न ट्रेनों से हरिद्वार पहुंचने वाले बाहरी राज्यों के यात्रियों को रेलवे स्टेशन कोविड संबंधी पूछताछ और जांच के लिए रोका जा रहा है, लेकिन पुलिस महकमे की ओर से कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं किए जाने से स्वास्थ्य कर्मियों को दिक्कत पेश आ रही हैं। मंगलवार को स्टेशन पर कई यात्री स्वास्थ्य कर्मियों से उलझते भी नजर आए। कुछ जबरदस्ती ही स्टेशन से निकल भी गए।
मास्क को लेकर लापरवाही बरकरार
कोरोना के नए वैरिएंट के खतरे के बीच शहर के सार्वजनिक स्थलों रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, सरकारी अस्पताल और धार्मिक व पर्यटक स्थलों पर लापरवाही बरकरार है। जानकारी के बावजूद अधिकांश लोग बिना मास्क की दिख रहे हैं।
नैनीताल के प्रवेश द्वारों पर होगी पर्यटकों की कोरोना जांच
कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर नैनीताल में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। बुधवार से नैनीताल में तल्लीताल लेकब्रिज चुंगी और बारापत्थर पुलिस चेकपोस्ट में पर्यटकों की कोरोना जांच की जाएगी।
नैनीताल में सोमवार को कोरोना से एक व्यक्ति की मौत के बाद जिला प्रशासन ने शेरवुड क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बना दिया है। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद बीडी पांडे अस्पताल प्रबंधन ने दो टीमों का गठन कर दिया है। एसडीएम प्रतीक जैन ने बताया कि नैनीताल के प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की वैक्सीन की स्थिति और निगेटिव रिपोर्ट की चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। दोनों प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की रैंडम कोरोना जांच भी की जाएगी।
454 लोगों की कोरोना जांच
नैनीताल के शेरवुड क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाने के बाद मेडिकल टीम ने क्षेत्र में कैंप लगाकर 75 लोगों के आरटीपीसीआर सैंपल लिए हैं। बीडी पांडे अस्पताल के पीएममस डॉ. केएस धामी ने बताया कि मंगलवार को नैनीताल में 212 लोगों के आरटीपीसीआर सैंपल लिए हैं। अस्पताल आने वाले 242 लोगों की रैपिड एंटीजन जांच की गई। जांच में कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया।
बिना मास्क घूमने पर कार्रवाई
मास्क पहनने के लिए पुलिस मंगलवार को लोगों जागरूक करती रही पर स्थानीय लोगों समेत पर्यटक बिना मास्क के बेफिक्र घूमते नजर आए। इस दौरान पुलिस ने लोगों को मास्क भी बांटे। तल्लीताल क्षेत्र में बिना मास्क घूमने पर 12 लोगों और मल्लीताल क्षेत्र में 10 लोगों पर कार्रवाई की गई है।