उत्तराखंड में कोरोना: मंगलवार को 28 नए संक्रमित मिले, बढ़कर 141 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
Corona Cases in Uttarakhand Today: मंगलवार को प्रदेश के आठ जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 28 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। 19 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 141 हो गई है। जबकि सोमवार को प्रदेश में 132 सक्रिय मरीज थे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को 11615 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। आठ जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। देहरादून में आठ, चंपावत और टिहरी में दो-दो, पौड़ी में सात और नैनीताल में नौ संक्रमित मरीज मिले हैं।
कोरोना का नया वेरिएंट: विदेश से देहरादून आए 14 लोग होम आइसोलेशन में रहेंगे
संक्रमण दर 0.24 प्रतिशत पहुंची
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 344255 हो गई है। इनमें से 330546 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 7408 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश की रिकवरी दर 96.02 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.24 प्रतिशत दर्ज की गई है।
हरिद्वार: कोरोना जांच में नौ पुलिसकर्मी मिले संक्रमित
नए वैरिएंट की देश में दस्तक से अलर्ट जिला प्रशासन की ओर से शुरू की सैंपलिंग अभियान में नौ पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। पुलिस कर्मियों के लिए गए सैंपलों को नए वैरिएंट की जांच के लिए देहरादून भेजा गया है। इसके अलावा बॉर्डर पर बाहर से आने वाले लोगों की जांच भी जा रही है।
कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट को लेकर जिला प्रशासन ने सैंपलिंग में तेजी ला दी है। इसमें बाहरी प्रदेशों से आने वाले लोगों को कोरोना की टेस्टिंग करने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुलिस लाइन और थानों में पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए गए। एंटीजन जांच में पुलिस लाइन समेत जनपदभर में नौ पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए। कोरोना संक्रमित मिले सभी पुलिसकर्मियों को होम आईसोलेट कर दिया गया है।
सीएमओ डॉ. कुमार खगेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए सैंपलिंग अभियान में तेजी लाई जा रही है। जिससे कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को रोका जा सके। लोगों से भी अपील की जा रही है कि वह अपने आसपास सैंपलिंग केंद्रों पर जाकर जांच कराएं। कोरोना का दूसरा टीका जरूर लगाएं।
बॉर्डर पर 24 घंटे जांच जारी
लालढांग। चिड़ियापुर व लाहड़पुर में कोरोना की जांच को लेकर मेडिकल टीम दो शिफ्ट में काम कर रही है। बाहर से आने वाले लोगों की चौबीस घंटे जांच की जा रही है। मेडिकल टीम लीडर पंकज कुमार ने बताया कि किसी भी यात्री को बिना जांच कराए राज्य की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। संवाद
कहां मिले पॉजीटिव
पुलिस लाइन तैनात एक प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक, एक उप निरीक्षक, एक हेड कांस्टेबल, एक आरक्षी जबकि पुलिस कार्यालय में बनी मीडिया सेल के आरक्षी, पुलिस कार्यालय में तैनात एक आरक्षी, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की में तैनात आरक्षी, थानाध्यक्ष कलियर, व खानपुर थाने में तैनात आरक्षी रघुनाथ जांच में पॉजीटिव मिले हैं।
सभी पॉजिटिव पुलिसकर्मियों के आज बुधवार को आरटीपीसीआर टेस्ट कराए जाएंगे। इसके साथ ही जिन पुलिसकर्मियों के मंगलवार केे एंटीजन टेस्ट नहीं हो पाए हैं। उनके आज होंगे। वहीं पुलिस कोरोना पॉजीटिव पाए गए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आइसोलेट किया गया है।
- डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी हरिद्वार