Lockdown: रुड़की में दो और लंढौरा में पांच हजार आबादी होम क्वारंटीन, आवश्यक वस्तुओं की होगी होम डिलीवरी
- पुलिस ने सभी लोगों को होम क्वारंटीन का पालन करने के दिए निर्देश
- बृहस्पतिवार की देर शाम युवती व युवक की रिपोर्ट आई थी पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की में एक युवती और लंढौरा में एक युवक में कोरोना की पुष्टि होने के बाद दोनों जगहों की करीब सात हजार आबादी को पाबंद कर दिया गया है। गलियों में पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग लगाई गई है। साथ ही लोगों को होम क्वारंटीन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
रुड़की और लंढौरा में बृहस्पतिवार देर शाम दो कोरोना पॉजिटिव मिले थे। रुड़की के सती मोहल्ला में एक युवती अपने भाई और भाभी के साथ 14 मई को दिल्ली से घर पहुंची थी। जबकि लंढौरा निवासी युवक अपने भाई के साथ चोरी छिपे मुंबई से 18 मई को आया था। दोनों को पुलिस ने होम क्वारंटीन किया था। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों के सैंपल जांच को भेजे थे। दोनों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन ने इलाकों को पाबंद कर दिया।
सती मोहल्ले में युवती का जिस गली में मकान है, उसे बैरिकेडिंग लगाकर पाबंद कर दिया गया है। इस गली में करीब दो हजार की आबादी है। जबकि लंढौरा के मातावाली मोहल्ले को भी पाबंद कर दिया गया। इस मोहल्ले में करीब पांच हजार की आबादी रहती है। वहीं, पुलिस ने दोनों जगहों पर लोगों को होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर किसी ने नियम का पालन नहीं किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि दोनों जगहों को पाबंद कर दिया गया है। लोगों से पुलिस का सहयोग करने की बात कही गई है।
‘राजनीति की तो भेज दूंगा जेल’
सती मोहल्ले में पुलिस जिस समय गली को पाबंद कर रही थी, तो एक वार्ड के पार्षद पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से गली को पाबंद नहीं करने की बात कही। साथ ही रौब गालिब करने की कोशिश की। इस पर एसएसआई प्रदीप कुमार का पारा चढ़ गया। उन्होंने पार्षद को दो टूक कहा कि यह जनता की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस-प्रशासन को अपना काम करने दें। अगर राजनीति की तो जेल भेज दूंगा। एसएसआई की तेवर देख पार्षद की बोलती बंद हो गई और वह उल्टे पांव लौट गए।
कंटेनमेंट जोन में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी
डीएम ने कंटेनमेंट जोन में होम डिलीवरी के जरिए आवश्यक सामग्री पहुंचाने, क्षेत्रों को डीप सैनिटाइज कराने और लाउड स्पीकर से सूचना प्रसारित करने के आदेश दिए हैं। इसके तहत शुक्रवार को मुख्य नगर आयुक्त ने पहले से ही एक्टिवेट अन्नपूर्णा और संजीवनी एप के जरिए राशन व दवाओं की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए बैठक की।
कोरोना के मामले सामने आने पर डीएम सी रविशंकर ने रुड़की के सती मोहल्ला और मोहम्मदपुर व लंढौरा के एक क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। डीएम की ओर से जारी आदेशों में कंटेनमेंट जोन में दैनिक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए पुलिस को हेल्पलाइन शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम के आदेश पर मुख्य नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर इन क्षेत्रों को डीप सैनिटाइज कराने की योजना तैयार की। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से राशन की होम डिलीवरी के लिए अन्नपूर्णा और दवाओं के लिए संजीवनी एप पहले से ही काम कर रहा है। गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध दोनों एप का अधिक से अधिक प्रचार किया जाएगा।
इसके जरिए लोगों तक जरूरी सामान पहुंच सकेगा। उन्होंने बताया कि पाबंद क्षेत्रों में डीप सैनिटाइजेशन शुरू कर दी गई है। साथ ही लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी। बैठक में मेयर गौरव गोयल ने मुस्तैदी से काम करने की अपील की। एसएनए चंद्रकांत भट्ट भी मौजूद रहे।