Coronavirus in Uttarakhand: रविवार को 243 नए संक्रमित मिले, दो मरीजों की मौत
- एक सप्ताह बाद कोरोना संक्रमण के मामलों और मौतों में आई कमी
- कुल संक्रमितों की संख्या 65279 हुई, 155 मरीज किए डिस्चार्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में एक सप्ताह के बाद कोरोना संक्रमण और मौतों की संख्या में कमी आई है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में दो मरीजों की मौत हुई और 243 नए संक्रमित मिले हैं। 155 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। अब कुल संक्रमितों की संख्या 65279 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को आई जांच रिपोर्ट में 10711 सैंपल निगेटिव पाए गए। वहीं, 243 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक सप्ताह के बाद एक दिन में ढाई सौ से कम संक्रमित मामले और चार से कम मरीजों की मौत हुई है। त्योहारी सीजन के समय संक्रमण के नतीजे थोड़ा राहत देने वाले हैं।
देहरादून जिले में 97 कोरोना मरीज मिले। हरिद्वार में 54, पौड़ी में 21, नैनीताल में 14, उत्तरकाशी में 12, ऊधमसिंह नगर में 11, टिहरी में 11, रुद्रप्रयाग में 10, चंपावत में सात, चमोली में तीन, अल्मोड़ा में दो, बागेश्वर जिले में एक संक्रमित मिला है। पर्वतीय जिले चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी जिले में संक्रमित मामले कम हुए हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: देहरादून में रेस्टोरेंट, बार और होटलों के लिए नई एडवाइजरी जारी, पढ़ें क्या हैं नियम...
प्रदेश में दो कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसमें सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एक, जेएलएन जिला अस्पताल रुद्रपुर में एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। मरने वाले मरीजों की संख्या 1065 हो गई है। वहीं, 155 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिला कर 59719 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
सेल्फी प्वाइंट पर बगैर मास्क लगाए सेल्फी ली तो होगा चालान
नैनीताल में अब नगर स्थित सेल्फी प्वाइंट पर बगैर मास्क लगाए सेल्फी लेने पर पुलिस का चालान भुगतने के साथ जुर्माना भी देना होगा। बता दें कि विकास प्राधिकरण ने तल्लीताल डांठ में नैनी झील के किनारे सेल्फी प्वाइंट बनाया है।
इस स्थान पर ‘आई लव नैनीताल’ का साइनबोर्ड भी लगाया है। सेल्फी प्वाइंट बनने के बाद से यहां आने वाले सैलानी समेत अन्य लोग सुबह से शाम तक सेल्फी लेने को तत्पर रहते हैं। इस बीच कोरोनाकाल में अधिकतर लोग बिना मास्क सेल्फी लेते नजर आते हैं।
रविवार को तल्लीताल पुलिस ने सेल्फी प्वाइंट पर एक बोर्ड लगा दिया। इसमें लिखा गया है कि बगैर मास्क लगाए सेल्फी लेना मना है। नियम नहीं मानने पर चालान के साथ जुर्माना भरना होगा।
वरिष्ठ आईएएस अफसर को हुआ कोरोना
राज्य के एक वरिष्ठ आईएएस अफसर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में अपना चेकअप कराया और जरूरी दवाएं लेने के बाद होम आइसोलेशन में चले गए।
दून अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को बुखार और कोरोना से मिलते-जुलते अन्य लक्षण दिखाई देने पर उन्होंने चेकअप कराया। डॉक्टरों ने लक्षणों के आधार पर कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया था।
जांच में वरिष्ठ आईएएस अफसर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने उन्हें जरूरी दवाएं देकर होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी। वरिष्ठ आईएएस अफसर के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उनके संपर्क में आए अधिकारी और कर्मचारियों में भी हड़कंप का माहौल है। कुछ कर्मियों ने कोरोना जांच के लिए सैंपल भी भिजवाए हैं।