Coronavirus In Uttarakhand: सितंबर के अंत तक 25 हजार पहुंच सकता है संक्रमितों का आंकड़ा
- बीते 15 दिनों में प्रतिदिन औसत 350 संक्रमित मामले आए
- प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या चार हजार के पार
विस्तार
उत्तराखंड में कोरोना मरीजों में तेजी आने से सितंबर माह के अंत तक आंकड़ा 25 हजार तक पहुंच सकता है। बीते 15 दिनों से प्रतिदिन औसतन 350 संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा संक्रमित मामले मिलने से सक्रिय मरीजों की संख्या चार हजार के पार हो गई है।
उत्तराखंड में पिछले 10 दिनों की तुलना में मंगलवार को सर्वाधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। आठ अगस्त को एक दिन में 501 संक्रमित मामले सामने आए थे। वहीं, मंगलवार को 497 संक्रमित मरीज मिले हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक कोरोना संक्रमण का असर रहा है।
कोरोना काल के 157 दिनों में प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 13 हजार पार करने वाला है। पिछले 30 दिनों में 23 दिन ऐसे हैं, जिनमें ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा संक्रमित मामले मिले हैं। वहीं, सात दिन में संक्रमित मामलों से ज्यादा कोरोना मरीज ठीक हुए हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand: 497 नए संक्रमित मिले, छह की मौत,13 हजार के करीब पहुंचा मरीजों का आंकड़ा
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि 15 दिनों से जिस तरह कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। उसके आधार पर 25 से 30 सितंबर तक प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 25 हजार होने का अनुमान है। वहीं, रिकवरी पर संक्रमित मामले भारी पड़ रहे हैं। उम्मीद करते हैं कि आने वाले दिनों में संक्रमित मामलों पर रिकवरी भारी रहेगी।
हरिद्वार में संक्रमित मामले तीन हजार के पार
हरिद्वार जिले में कोरोना संक्रमित मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते दो सप्ताह से हरिद्वार में सौ से अधिक संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। हरिद्वार में संक्रमितों की संख्या तीन हजार के पार हो गई है। वहीं, दो हजार से अधिक सक्रिय मरीज हैं।
आंकड़ों में देखें
जिला संक्रमित ठीक हुए
अल्मोड़ा 384 340
बागेश्वर 191 156
चमोली 195 120
चंपावत 223 119
देहरादून 2537 1847
हरिद्वार 3167 2004
नैनीताल 1882 1278
ऊधमसिंह नगर 2387 1518
पौड़ी 341 257
पिथौरागढ़ 215 171
रुद्रप्रयाग 152 91
टिहरी 798 602
उत्तरकाशी 489 221
...........................................................
कुल- 12961 8724