Coronavirus in Uttarakhand: कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार पार, 389 नए मरीज मिले, नौ की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार पार पहुंच गई है। वहीं, आज 389 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या में साढ़े तीन हजार से ज्यादा पहुंच गई है। वहीं, सोमवार को प्रदेश में नौ कोरोना मरीजों की मौत हुई है। एम्स ऋषिकेश में दो, महंत इंदिरेश हॉस्पिटल में एक, सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में छह संक्रमितों ने दम तोड़ा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आए बुलेटिन के अनुसार, आज सबसे ज्यादा 178 केस हरिद्वार में सामने आए हैं। वहीं, ऊधमसिंह नगर में 110, उत्तरकाशी में दो, टिहरी में सात, रुद्रप्रयाग में एक, पिथौरागढ़ में तीन, नैनीताल में 25, देहरादून में 41, चंपावत में तीन, चमोली और अल्मोड़ा में छह-छह मरीज सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand: कोरोना काल के 21वें सप्ताह में टूटे संक्रमण में सारे रिकॉर्ड
बता दें कि अब तक प्रदेश में 6301 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, 134 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में अभी भी 3547 एक्टिव केस हैं। मरीजों की डबलिंग दर 23.34 दिन पहुंच गई है। जबकि रिकरवरी रेट 62.88 फीसदी पहुंचा है।
एम्स में दो संक्रमितों की मौत, 26 पॉजिटिव
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पिछले 24 घंटे में विभिन्न गंभीर रोगों से ग्रसित दो कोविड पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। इसके अलावा 26 लोगों की कोविड सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 12 स्थानीय लोग भी शामिल हैं।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि ज्वालापुर, हरिद्वार निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति गले में दर्द, खांसी, बुखार व सांस लेने की तकलीफ की शिकायत पर आठ अगस्त को एम्स इमरजेंसी में आया था, जिसका कोविड सैंपल लिया गया था।
रविवार देर रात उक्त मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं मोहल्ला चासरी, बिजनौर उत्तर प्रदेश निवासी 30 वर्षीया महिला सड़क दुर्घटना में घायल होने पर 19 जुलाई को एम्स इमरजेंसी में आई थी। महिला के सिर में गहरी चोट थी, जिसका कोविड सैंपल पॉजिटिव पाया गया था। महिला की रविवार मध्यरात्रि में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में 58 प्रतिशत सक्रिय मामले
प्रदेेश में कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम है। जिससे प्रदेश में सक्रिय मामले 3547 पहुंच गई है। इसमें 58 प्रतिशत सक्रिय मरीज हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में हैं। प्रदेश में चार दिन में 1398 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले हॉट स्पॉट बन गए हैं। सोमवार को भी दोनों जिलों में 288 कोरोना मरीज मिले हैं। कोरोना काल के 149 दिनों में प्रदेश में संक्रमित मामलों की संख्या 10021 हो गई है।
इसमें 6301 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय मामले 3547 हो गए हैं। हरिद्वार में 1014 और ऊधमसिंह नगर जिले में 1037 सक्रिय मरीज हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीते चार दिनों में प्रदेश में 1398 कोरोना संक्रमित मामले मिले हैं। इसमें हरिद्वार जिले में सबसे अधिक 550 मामले, ऊधमसिंह नगर में 385, नैनीताल में 160, देहरादून जिले में 138 संक्रमित मरीज शामिल हैं।