Coronavirus in Uttarakhand : उत्तराखंड में आज मिले 62 केस, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 1215
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में शुक्रवार को 62 नए कोरोना संक्रमित मरीज हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1215 हो गया है। वहीं, 344 संक्रमित मरीज इलाज के बाद घर भेजे गए हैं। अल्मोड़ा में जिले में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हुई है। हालांकि मौत का कारण कोरोना नहीं पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 888 सैंपल निगेटिव मिले हैं। जबकि 10 जिलों में 62 लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। देहरादून जिले में 23 लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है। जिसमें चार मुंबई, दो गाजियाबाद, तीन दिल्ली, एक गुरुग्राम व एक बिजनौर से लौटा है। जबकि तीन दून मेडिकल अस्पताल के कर्मचारी हैं और दो मरीज संपर्क में आए हैं। वहीं, सात संक्रमित मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। रुद्रप्रयाग जिले में दिल्ली से आए 14 लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: पांच दिन में ठीक होकर घर लौटे 304 कोरोना संक्रमित, 33 हजार लोग हुए संस्थागत क्वारंटीन
टिहरी जिले में आठ संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी संक्रमित मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री महाराष्ट्र की है। अल्मोड़ा जिले में 5 संक्रमित मरीज मिले हैं। इसमें 2 मरीज गुरुग्राम, 2 दिल्ली और एक मुंबई से आया है। चमोली जिले में दो संक्रमित मरीज दिल्ली से लौटे हैं। चंपावत जिले में तीन संक्रमित मरीजों में
एक दिल्ली और दो संपर्क में आए हैं।
हरिद्वार में मुंबई से आए एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा नैनीताल जिले में चार संक्रमित मरीज मिले हैं, जो दिल्ली से आए थे। वहीं, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर जिले में एक-एक व्यक्ति में संक्रमण मिला है। अपर सचिव युगल किशोर पंत ने बताया कि शुक्रवार को 62 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इन्हें मिला कर प्रदेश में संक्रमि मरीजों की संख्या 1215 हो गई है। शुक्रवार को 47 संक्रमित मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में अब तक 344 मरीज ठीक हो चुके हैं।
आज मिले संक्रमित मामले
रुद्रप्रयाग 14
अल्मोड़ा 05
टिहरी 08
नैनीताल 04
चमोली 02
चंपावत 03
हरिद्वार 01
ऊधमसिंह नगर 01
पौड़ी 01
गढ़वाल के तीन जिलों में मिले 22 कोरोना पॉजिटिव
गढ़वाल में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को टिहरी जिले में आठ, चमोली जिले में दो और रुद्रप्रयाग जिले में सबसे अधिक 14 कोरोना पॉजिटिव मिले। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। ये सभी दिल्ली और मुंबई से आए थे। सीएमओ डा. मीनू रावत ने बताया कि भिलंगना ब्लॉक के चार और प्रतापनगर, देवप्रयाग ब्लॉक से एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
सभी मुंबई से टिहरी पहुंचे थे, जिनमें से तीन लोग भिलंगना ब्लॉक में अपने गांवों के क्वारंटीन केंद्रों में और तीन संक्रमित मुनिकीरेती में संस्थागत क्वारंटीन में थे। सभी को सुरसिंगधार स्थित कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट किया गया है।
वहीं रुद्रप्रयाग जिले में दो बच्चों समेत 14 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में अब कुल 19 कोरोना संक्रमित हैं। इसके अलावा सात संदिग्धों को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। 29 मई को दिल्ली से पहुंचे सभी 14 लोगों को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। दो दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनके सैंपल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे थे।
12 लोगों की रिपोर्ट बृहस्पतिवार रात और दो की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई। संक्रमितों में दो किशोर भी हैं, जिनकी उम्र 11 व 15 वर्ष है। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी को कोटेश्वर स्थित कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया है। सीएमओ डा. एसके झा ने बताया कि अभी तक कुल 27 पॉजिटिव केस हो चुके हैं, जिसमें पांच लोगों के स्वस्थ होने पर उन्हें घर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि बाहरी राज्यों से आ रहे प्रवासियों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
वहीं चमोली जिले में शुक्रवार को दो और लोग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। सीएमओ डा. केके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 52 संदिग्ध लोगों के सैंपल भेजे गए हैं। अब तक कुल 968 सैंपल जांच के लिए जा चुके हैं, जिसमें से 652 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव और 27 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है, जबकि 289 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।