Coronavirus In Uttarakhand: देहरादून में निगम क्षेत्र, कंटेनमेंट जोन और कैंट क्षेत्र दो दिन रहेगा बंद
- शहर में आज और कल साप्ताहिक बंदी रहेगी बरकरार
विस्तार
कोरोना संक्रमण के चलते जिले में शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी बरकरार रहेगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज से दो दिन नगर निगम देहरादून क्षेत्र, कंटेनमेंट जोन, गढ़ी कैंट और क्लेमेंटटाउन छावनी परिषद क्षेत्र बंद रहेगा।
इस दौरान पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, डेयरी, गैस एजेंसी, टिफिन सर्विस, लाइसेंसधारक मीट-मछली की दुकानें, औद्योगिक इकाइयां और अस्पतालों की ओपीडी खुली रहेगी। बेकरी और होम डिलीवरी सेवा भी जारी रहेंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य, चिकित्सा, पेयजल, नगर निगम और विद्युत विभाग के दफ्तर भी खुले रहेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी दुकानें, प्रतिष्ठान, शराब के ठेके, बैंक, सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी कार्यालय बंद रहेंगे। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन और एंबुलेंस को छोड़कर अन्य वाहन बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को लागू किए करीब एक माह होने वाले हैं। इसका काफी सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
बताया कि अगले आदेशों तक इस व्यवस्था को लागू रखा जाएगा। इस दौरान नगर निगम, पालिका और नगर पंचायत की ओर से वार्डों को सैनिटाइज किया जाएगा। उन्होंने लोगों से घर में रहने की अपील की।
बच्चे और बुजुर्ग किसी भी सूरत में घर से बाहर न निकलने को कहा। उन्होंने आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी।