उत्तराखंड में कोरोना: प्रदेश में जारी रहेगा कोविड कर्फ्यू, सीएम तीरथ ने दिए संकेत
प्रदेश में 18 मई को कोविड कर्फ्यू की समय सीमा खत्म हो रही है। ऐसे में सरकार को 17 मई को कोविड कर्फ्यू को जारी रखने पर निर्णय लेना है।
विस्तार
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने रविवार को प्रदेश में लागू कोविड कर्फ्यू आगे भी जारी रखने के संकेत दिए हैं। मीडियाकर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कोविड कर्फ्यू अगले सात दिन बढ़ा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कोविड के मामलों पर निरंतर नजर बनाए हुए है और विचार विमर्श के बाद कोविड कर्फ्यू को बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा। उधर, शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने भी कोविड कर्फ्यू 25 मई तक बढ़ाए जाने के संकेत दिए हैं। जानकार भी कोविड कर्फ्यू बढ़ाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि 18 मई तक कोविड कर्फ्यू के परिणाम 14 दिन के बाद सामने आएंगे।
उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में सामने आए 4496 नए संक्रमित, 188 मरीजों की हुई मौत
सरकार ने ली राहत की सांस
पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या में आई कमी से सरकार, शासन व प्रशासन ने राहत की सांस ली है। पिछले एक हफ्ते में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आई है। पिछले 16 दिनों में कोरोना संक्रमितों के सबसे अधिक 9642 मामले सात मई को आए थे।
ऋषिकेश: घाटों पर गंगा में गिर रहे कोरोना संक्रमित शवों के अवशेष, बहाई जा रही अधजली राख, तस्वीरें...
इसके बाद संक्रमितों की संख्या का ग्राफ ऊपर-नीचे होता रहा। पिछले तीन दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या निरंतर घटी है। 14 मई को कोरोना के 5775 मामले थे। 15 मई को 5654 और रविवार 16 मई को कोरोना संक्रमितों की संख्या 4496 पहुंची है। इन आंकड़ों को देखकर सरकार और प्रशासन ने कुछ राहत की सांस ली है।
ये है बीते सप्ताह की स्थिति
- नौ मई से 15 मई तक राज्य में 197908 टेस्ट हुए
- प्रदेशभर में सप्ताह में 44856 कोरोना संक्रमित मिले
- 34,593 कोरोना संक्रमित ठीक होकर अपने घर गए
- 1075 कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हुई
- एक हफ्ते में प्रदेश में संक्रमण दर 22.67 फीसदी रही
चिंता की बात
पिछले 21 हफ्तों में नौ मई से 15 मई के बीच सबसे अधिक 1075 मौतें हुईं। दो मई से आठ मई के बीच कोरोना संक्रमितों के कुल मामले इस सप्ताह से 52369 अधिक थे, लेकिन 817 ही मौतें हुई थीं।