देहरादून में कोरोना कर्फ्यू: गली-मोहल्ले की दुकान से खरीद सकेंगे जरूरत का सामान, 24 घंटे खुली रहेंगी ये दुकानें
देहरादून में कोविड कर्फ्यू के दौरान लोग आसपास की दुकानों से दैनिक जरूरत का सामान खरीद सकेंगे। स्थिति स्पष्ट करते हुए जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रोजमर्रा के जरूरी सामान की दुकानें शाम चार बजे तक खुली रहेंगी। इसके अलावा पेट्रोल पंप, गैस आपूर्ति और दवा की दुकानें पूरे समय खुली रहेंगी।
कोरोना की दूसरी लहर: उत्तराखंड में संक्रमित मरीजों की मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से भी ज्यादा
जिलाधिकारी डा. श्रीवास्तव ने बताया कि रोजमर्रा की आवश्यक सामग्री फल सब्जी की दुकानें, डेयरी, बेकरी, अंडा, मीट-मछली (केवल लाइसेंसधारी), राशन, सरकारी सस्ता गल्ला और पशुचारे की दुकानें खुली रहेंगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवागमन में छूट रहेगी। जबकि, निजी एवं सार्वजनिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल मेडिकल, कोरोना टेस्ट या टीकाकरण और किसी अन्य इमरजेंसी के लिए ही वाहनों को छूट रहेगी। उन्होंने बताया कि छूट वाली सेवाओं और कार्यों के लिए अलग से पास की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कोरोना कर्फ्यू : देहरादून में पास के लिए अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, पुलिस से कूपन लेकर शादी में हो सकेंगे शामिल
स्मार्ट सिटी वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, अंतरराज्यीय आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है। लेकिन, इसके लिए स्मार्ट सिटी की वेबसाइट http://smartcitydehradun.uk.gov.in पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से करना होगा। उन्हें 72 घंटे पहले तक की आरटीपीसीआर रिपोर्ट भी अनिवार्य रूप से लानी होगी। अन्य राज्यों से आने वाले ऐसे लोग, जिनको होटल, गेस्ट हाउस या लॉज में ठहरना है, उनके लिए भी निगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट और रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।
33 ऑक्सीजन सिलिंडर किए बरामद
एसडीएम सदर गोपाल राम बिनवाल के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने गैस एजेंसी पर छापा मारकर 33 ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद किए। उन्होंने बताया कि चूना भट्टा स्थित कुमार गैस एजेंसी में ऑक्सीजन सिलिंडर जमा होने की जानकारी मिलने के बाद छापा मारा गया।
एक दिन में सबसे अधिक 2034 लोग संक्रमित
राजधानी में सोमवार को एक दिन में सबसे अधिक 2034 लोग संक्रमित मिले। जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसके साथ ही अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 53387 तक पहुंच गई है। इनमें से 38306 लोग उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। जबकि, 13385 उपचार अभी चल रहा है। सोमवार को कुल 8536 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 51815 लोगों को कम्यूनिटी सर्विलांस किया गया, जिनमें से 178 में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं, मास्क और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं करने पर 770 लोगों के चालान किए गए।
लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासन हरसंभव उपाय अपना रहा है। कोविड कर्फ्यू के दौरान लोगों को किसी भी चीज की दिक्कत न हो, इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी लोग अपने घरों में रहें। कोविड सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी