NH-74 scam: CBI जांच हुई तो फसेंगे BJP के कई बड़े मंत्री!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसके चलते ऊधमसिंह नगर जिले में एनएच-74 के चौड़ीकरण में हुए करीब 300 करोड़ रुपये के भूमि मुआवजा घोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को सड़कों पर उतरकर प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश और पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय पर धरना दिया। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के साथ ही एनएच भूमि मुआवजा घोटाले में लिप्त अफसरों को बचाने का भी आरोप लगाया।
जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह दस बजे नैनीताल हाइवे स्थित पेट्रोल पंप पर इकट्ठा हुए और यहां से जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। यहां सभा को संबोधित करते हुए डा. इंदिरा ने कहा कि राज्य सरकार एनएच भूमि मुआवजा घोटाले को दबाना चाहती है। यही कारण है कि आठ जून को प्रस्तावित विधानसभा सत्र से पहले ही सरकार ने उच्च अधिकारियों के तीन बार तबादले कर दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री पर लगाया आरोप
कुमाऊं कमिश्नर के तबादले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा मुआवजा घोटाले का पर्दाफाश करने वाले ईमानदार अफसर का तबादला कर महाघोटाले पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। भ्रष्टाचार मुक्त का झूठा नारा देने वाली भाजपा सरकार उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक भ्रष्ट अफसरों के साथ मिल चुकी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि गडकरी भी मुआवजा घोटाले में लिप्त हैं, इसलिए वह नहीं चाहते कि इसकी सीबीआई जांच हो।
इसीलिए उन्होंने सरकार पर दबाव बनाते हुए कुमाऊं कमिश्नर डी. सेंथिल पांडियन जैसे ईमानदार अफसर का तबादला करा दिया। पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचारी अफसरों को बचाने का काम कर रहे हैं। उन्हें पता है कि अगर एनएच भूमि मुआवजा घोटाले की सीबीआई जांच हुई तो भाजपा के कई मंत्री और नेता इसकी आंच में झुलसते पाए जाएंगे।
सभा को जसपुर विधायक आदेश चौहान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, मीना शर्मा, अनिल शर्मा, हिमांशु गाबा, जगदीश तनेजा आदि ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरीश पनेरू, पूर्व दर्जाराज्य मंत्री गणेश उपाध्याय, वरिष्ठ कांग्रेसी पुष्कर राज जैन, कांग्रेस नेत्री ममता हलदार, ममता नारंग, ममता रानी, हरीश अरोरा, हरीश बावरा, डीके सिंह, प्रेमानंद महाजन, सीपी शर्मा, सुरेश गौरी, सुशील गाबा सहित सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद थे। सुरक्षा के लिहाज से सीओ, कोतवाल सहित आसपास के थानों के एसओ और भारी पुलिस बल तैनात था।
सड़क से सदन तक होगा विरोध
डा. इंदिरा ने कहा कि सीबीआई जांच के लिए कांग्रेस ने ऊधमसिंह नगर से बिगुल फूंक दिया है। इस मुद्दे को आठ जून को विधानसभा सत्र में भी उठाया जाएगा। जरूरत पड़ी तो विधानसभा के भीतर ही विपक्ष धरने पर बैठ जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जोश जो आज कांग्रेसियों में दिख रहा है, वह खत्म नहीं होना चाहिए।